कोरबा बाँकी बस्ती, पुरैना, मड़वाढोढा में जल आपूर्ति की मांग को लेकर 16 मई को चक्काजाम करेगी माकपा


*
निगम द्वारा चालू बोरवेल से मोटर को खोलकर ले जाने से बढ़ी और समस्या सभी मोटर को पुनः लगाए निगम : माकपा पार्षद राजकुमारी कंवर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा जिलान्तर्गत नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र के खनन प्रभावित वार्ड 63 के प्रभावित ग्राम बांकी बस्ती, मड़वाढोढा, पुरैना में निगम द्वारा टेप नल के माध्यम से जल आपूर्ति की जाती है, कई दिनों तक पानी बंद रहने से परेशान ग्रामीणों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की पार्षद राजकुमारी कंवर के नेतृत्व में बांकी मोंगरा पालिका के कार्यालय का घेराव कर दिया। घेराव के बाद सीएमओ ने चर्चा के लिए बुलाया। माकपा पार्षद ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर बांकीमोंगरा के मुख्य मार्ग पर 16 मई को चक्काजाम करने की चेतवानी दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड 63 मोंगरा कोयला खनन के कारण खनन प्रभावित गांवों में जल स्तर काफी नीचे गिर चुका है और अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एसईसीएल ही पीने, निस्तारी और सिंचाई के लिए पानी का प्रबंध करते आया है। लेकिन बांकीखदान बंद होने के बाद अब एसईसीएल द्वारा इन बांकी बस्ती, पुरैना, मड़वाढोढा गांवों में जलआपूर्ति रोक दी गई है, जिससे यहां के ग्रामीणों का दैनिक दिनचर्या गड़बड़ा गई है। नगर निगम द्वारा घर-घर टेप नल लगाकर पानी पहुंचाने का प्रयास किया गया लेकिन निगम जल आपूर्ति करने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाया है जिससे जल संकट और भी बढ़ गया है।
माकपा जिला सचिव प्रशांत झा ने आरोप लगाते हुए कहा हैं की “निगम द्वारा पालिका बनने के बाद से चालू पंपों को खोलकर ले जाया गया जिससे जल संकट और गहरा गया है निगम के अधिकारियों का अमानवीय चेहरा सामने आया है। निगम प्रशासन द्वारा जल आपूर्ति पूरी तरह फेल है। जल आपूर्ति सही नहीं हुआ तो माकपा ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़को पर उतरकर आंदोलन करेगी।”
उक्त क्षेत्र की पार्षद राजकुमारी कंवर ने कहा हैं कि “नगर निगम ने हर समय बांकीमोंगरा क्षेत्र की उपेक्षा की है। जिसका माकपा विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पेयजल प्रभावित गांवों में निगम पालिका द्वारा पूर्व की तरह बोर होल में पंप लगाकर जल आपूर्ति करना होगा।

