कोरबा कुसमुंडा में 240 टन के दो डंपर आपस में टकराए, बाल-बाल बचे आपरेटर
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया के अधीन संचालित एसईसीएल बिलासपुर की कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा प्रोजेक्ट कुसमुंडा खदान में 240 टन क्षमता के दो डंपर आपस में टकरा गए। घटना में दोनों डंपर के आपरेटर बाल-बाल बच गए। जानकारी मिलने पर शिफ्ट इंचार्ज अन्य अधिकारी स्थल पर पहुंचे और दोनों आपरेटर को पहले उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना कुसमुंडा खदान के कोयला फेस में हुई। कोयला परिवहन में लगा एक डंपर आगे जा रहे दूसरे डंपर से टकरा गया। घटना के विभागीय स्तर पर जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं डीजीएमएस व आइएसओ को भी घटना की जानकारी दी गई है। यहां बताना होगा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में लक्ष्य हासिल करने के लिए दबाव बना हुआ है। प्रबंधन उत्पादन बढ़ाने लगातार जुटा है, इससे सुरक्षा की अनदेखी हो रही है।


