महिला आरक्षण और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व पर विपक्ष का रवैया संकीर्ण राजनीति से प्रेरित : किरण देव
1 min read
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा— मातृशक्ति को अधिकार देने और राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के ऐतिहासिक अवसर में बाधा न बने राजनीति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्ष की बयानबाजी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भ्रम फैलाना विपक्ष की गैर-जिम्मेदार राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाना संवैधानिक अधिकार है और इसे राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय देशहित में समर्थन देना चाहिए।
किरण देव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ 2029 के लोकसभा चुनाव से दिलाने का लक्ष्य मातृशक्ति के राजनीतिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। परिसीमन और संसद में सीटों की आनुपातिक वृद्धि से राज्यों, महिलाओं तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों का प्रतिनिधित्व मजबूत होगा। प्रस्तावित विस्तार में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने से दक्षिणी राज्यों और जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों के हित प्रभावित होने की आशंकाएं भी निराधार हैं।
उन्होंने कांग्रेस, सपा, राजद और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर पूर्व में संवैधानिक प्रयासों में अड़चन डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार देने के मुद्दे पर राजनीति करना देश की आधी आबादी के साथ न्याय नहीं है। विपक्ष को भ्रम और विरोध की राजनीति छोड़कर महिला सशक्तीकरण तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के इस ऐतिहासिक अवसर में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।




