तनाव को चुनौती की तरह स्वीकारें, सही प्रबंधन से कठिन परिस्थितियों में भी जीवन जीने का उत्साह बना रहता है : डॉ. प्रशांत
1 min read
कमला नेहरू महाविद्यालय में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आत्महत्या रोकथाम एवं तनाव प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आत्महत्या रोकथाम एवं तनाव प्रबंधन पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विद्यार्थियों को तनाव से निपटने की सीख देते हुए कहा कि जिम्मेदारियों और कठिनाइयों को बोझ नहीं, बल्कि कर्तव्य एवं चुनौती के रूप में स्वीकार करना चाहिए। तनाव प्रबंधन सीखकर जीवन की विपरीत परिस्थितियों में भी सकारात्मकता, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का उत्साह बनाए रखा जा सकता है।
सीएमएचओ डॉ. एसएन केशरी के दिशा-निर्देश एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में जिला चिकित्सालय के मनोरोग विभाग से पहुंचे विषय विशेषज्ञ ताराचंद श्रीवास एवं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर तृप्ति ब्राह्मणी ने तनाव के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। ताराचंद श्रीवास ने बताया कि छत्तीसगढ़ आत्महत्या के मामलों में देश में नौवें स्थान पर है। उन्होंने अवसाद के संकेतों, परिवार एवं मित्रों से दूरी बनाने, चिड़चिड़ापन और अचानक उदास रहने जैसे व्यवहारों को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते ऐसे संकेतों की पहचान कर प्रभावित व्यक्ति को सहयोग और उचित सहायता उपलब्ध कराकर अनमोल जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यशाला में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर शिक्षा संकाय प्रभारी डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. रश्मि शुक्ला, डॉ. अंजू खेस्स, डॉ. प्रीति द्विवेदी, अनिता यादव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




