शहर हमारा है, इसकी सुंदरता और स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हमारी : वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह
1 min read
पावर हाउस रोड की रेलिंग पर बन रही आकर्षक 3D पेंटिंग में स्वयं ब्रश थामकर दिया सहभागिता का संदेश, नागरिकों से की सहयोग की अपील
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। इसी सोच के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने जवाहरलाल नेहरू मार्ग (पावर हाउस रोड) पर रेलिंग में बनाई जा रही आकर्षक 3D पेंटिंग में स्वयं ब्रश थामकर सहभागिता निभाई।
न्यायालय जाते समय पेंटिंग का आकर्षक कार्य देखकर वे रुक गए और नगर निगम के इस प्रयास में अपना सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि शहर की अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाना हमारा अधिकार है, लेकिन अच्छे कार्यों की सराहना और उनमें सहभागिता निभाना भी हमारा कर्तव्य है। केवल आलोचना से शहर नहीं बदलता, बल्कि बदलाव के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करें और दूसरों को भी विनम्रता से जागरूक करें। सड़क, नाली निर्माण और सौंदर्यीकरण जैसे विकास कार्यों में भी सकारात्मक सहयोग दें। उन्होंने कहा कि शहर हमारा है, इसलिए इसकी सुंदरता, स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक छोटी-सी पहल भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है।




