November 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

हाथी को ट्रैक्टर से दौड़ाकर किया परेशान, वन विभाग का शिकंजा! तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल में दाखिल; बाड़ी में छिपाकर रखा था वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर

1 min read

 

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। जंगल के बेजुबान वन्यजीवों को परेशान करने और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम जिलगा में ट्रैक्टर के माध्यम से हाथी को परेशान करने के मामले में वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद वन्यजीवों को परेशान करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी, कोरबा के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। लगातार जांच और पतासाजी के बाद 24 नवंबर को उपवनमंडल अधिकारी, कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी, कुदमुरा एवं पसरखेत की मौजूदगी में वन विभाग की टीम ने ग्राम जिलगा में सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ मिला। वन विभाग की टीम ने तत्काल ट्रैक्टर जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।

इसके बाद मामले की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर 25 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दिग्विजय (25 वर्ष), सुकनंदन (36 वर्ष) और सब्बीर खान (35 वर्ष), तीनों निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा शामिल हैं।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), 2(35), 2(36), 39(1)(घ), 50(1)(ग), 51 एवं 52 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को जेल दाखिल करा दिया गया है।

वन विभाग की सख्त चेतावनी

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथियों को परेशान करना, उनका पीछा करना अथवा वाहनों से उनके नजदीक जाना न केवल वन्यजीवों के लिए खतरनाक है, बल्कि इससे मानव जीवन पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। विभाग ने नागरिकों से हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा निगरानी जारी है। वन्यजीवों को परेशान करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.