कर्मा की थाप, पूजा-अर्चना और किसानों के सम्मान के बीच कुदमुरा में धान खरीदी का भव्य आगाज; पहली बोरी के साथ शुरू हुआ खरीदी सीजन 2026-27
1 min read
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//** // कुदमुरा । किसानों के उत्साह, पारंपरिक आस्था और लोकसंस्कृति की रंगीन छटा के बीच आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोरकोमा के उप उपार्जन केंद्र कुदमुरा में धान खरीदी सीजन 2026-27 का शुभारंभ उत्सवी माहौल में किया गया। पूजा-अर्चना, कर्मा नृत्य, ढोल-नगाड़ों की गूंज और किसानों के सम्मान के साथ खरीदी की शुरुआत ने पूरे केंद्र परिसर को उल्लास और उमंग से सराबोर कर दिया। आयोजन में ग्रामीण परंपरा और किसानों के प्रति सम्मान का सुंदर संगम देखने को मिला।
पूजा-अर्चना और कर्मा नृत्य के साथ परंपरागत शुभारंभ
धान खरीदी के शुभारंभ पर विधिवत पूजा-अर्चना कर नए खरीदी सीजन के सफल संचालन की कामना की गई। इसके बाद कर्मा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। कर्मा पार्टी के कलाकारों की प्रस्तुति और ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। आयोजन स्थल पर माहौल ऐसा रहा, मानो खरीदी केंद्र किसी उत्सव स्थल में बदल गया हो।
किसान सतीश कुमार राठिया ने बेची पहली बोरी, सम्मान के साथ हुआ स्वागत
खरीदी सीजन की औपचारिक शुरुआत तौलीपाली निवासी किसान सतीश कुमार राठिया ने धान की पहली बोरी बेचकर की। पहली बोरी की खरीदी के साथ केंद्र में धान खरीदी का सिलसिला शुरू हुआ। समिति प्रबंधन की ओर से किसान सतीश कुमार राठिया को गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान किसानों के परिश्रम, समर्पण और कृषि के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

किसानों का सम्मान, विश्वास और उत्साह
कार्यक्रम में उपस्थित किसान गोरेलाल झारिया, राजेश अग्रवाल, महेत्तर राठिया, वेदराम एवं सीताराम राठिया सहित अन्य किसानों का भी गमछा और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। किसानों के सम्मान से कार्यक्रम में आत्मीयता का माहौल बना और खरीदी सीजन को लेकर किसानों में उत्साह दिखाई दिया।
जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
धान खरीदी शुभारंभ समारोह में राठिया समाज के प्रमुख दुर्गा प्रसाद राठिया, कुदमुरा सरपंच पति महेश राठिया, तौलीपाली सरपंच पति महेत्तर राठिया, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य हेमलाल झारिया, पूर्व जिला मंत्री बीरेंद्र राठिया, बृजेश राठिया उपस्थित रहे। समिति के कर्मचारी माखन राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कर्मा पार्टी के कलाकारों ने आयोजन में सहभागिता निभाई।
किसानों ने जताया आभार, बेहतर व्यवस्था की उम्मीद
खरीदी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों ने इस बार धान खरीदी की व्यवस्थाओं को लेकर समिति प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों ने उम्मीद जताई कि पूरे खरीदी सीजन में व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी, समय पर धान खरीदी होगी और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कुदमुरा में धान खरीदी की यह शुरुआत सिर्फ पहली बोरी की खरीदी तक सीमित नहीं रही, बल्कि किसानों के सम्मान, ग्रामीण एकजुटता, लोकसंस्कृति और नई उम्मीदों के साथ खरीदी सीजन के आगाज का उत्सव बन गई। कर्मा नृत्य की थाप और किसानों के चेहरों पर दिखती खुशी ने आयोजन को यादगार बना दिया।




