November 25, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

संविधान के गौरव, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की संवैधानिक चेतना का होगा भव्य उत्सव, रायपुर में कल गूंजेगा ‘संविधान गौरव दिवस’ का संदेश

1 min read

 

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे अध्यक्षता; सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और सांसद संतोष पाण्डेय रखेंगे विचार

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति जन-जागरूकता को नई मजबूती देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई द्वारा 26 नवम्बर को राजधानी रायपुर में ‘संविधान गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला, संविधान निर्माताओं के योगदान और देश की संवैधानिक परंपराओं के सम्मान का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में अपराह्न 3:30 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे। आयोजन में न्यायिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी तथा भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय अपने विचार रखेंगे। दोनों वक्ता संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखेंगे।

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश के विधि एवं विधायी मंत्री गजेंद्र यादव तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा रायपुर के विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा एवं मोतीलाल साहू, रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता का बनेगा संदेश

26 नवम्बर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, जो 26 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ। भारतीय संविधान ने देश को लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था, नागरिकों के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे मूलभूत आदर्शों की मजबूत आधारशिला प्रदान की है।

भाजपा द्वारा आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह के माध्यम से संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने, लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित करने का प्रयास किया जाएगा।

राजधानी रायपुर में होने वाले इस आयोजन को लेकर राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर विशेष उत्साह है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, न्यायमूर्ति और सांसद सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित यह समारोह संविधान के गौरव, उसकी शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रभावशाली संदेश देगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.