संविधान भारत की लोकतांत्रिक आत्मा, एकता और सामाजिक न्याय का सबसे सशक्त आधार : किरण देव
1 min read
संविधान गौरव दिवस पर प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएँ, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों को किया नमन; अधिकारों के साथ कर्तव्यों के पालन का किया आह्वान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने 26 नवम्बर को मनाए जाने वाले संविधान गौरव दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को नमन करते हुए उनके ऐतिहासिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
किरण देव ने कहा कि भारतीय संविधान महज नियमों और कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक आत्मा, राष्ट्रीय एकता-अखंडता और सामाजिक न्याय का सबसे मजबूत आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ संविधान की भावना को धरातल पर साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें मौलिक अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।




