November 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

 सीएसईबी चौक से इंदिरा स्टेडियम, तुलसी नगर बिजली ऑफिस और राताखार तक ट्रेलरों का कब्जा, सड़क सिकुड़ी, यातायात व्यवस्था ध्वस्त — प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे गंभीर सवाल

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 23 नवंबर। ऊर्जाधानी कोरबा में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लागू किए गए नियम ही अब लोगों के लिए मुसीबत बनते नजर आ रहे हैं। सुबह सीएसईबी चौक पर भारी वाहनों की नो एंट्री के चलते ट्रेलर और भारी वाहन चालक शहर के व्यस्त मार्गों पर सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर रहे हैं। प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम ट्रांसपोर्ट नगर से तुलसी नगर बिजली ऑफिस, राताखार होते हुए दर्री की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की कतारें सड़क को पार्किंग में तब्दील कर रही हैं। सड़क पर खड़े इन ट्रेलरों के कारण आवागमन के लिए जगह लगातार कम होती जा रही है और हर गुजरते वाहन के साथ दुर्घटना का खतरा बढ़ता जा रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति सुबह के समय बनती है, जब स्कूली बच्चे घरों से निकलकर स्कूल पहुंचने की जल्दबाजी में इसी मार्ग से गुजरते हैं। एक ओर सड़क पर खड़े विशाल ट्रेलर, दूसरी ओर तेज रफ्तार से गुजरते वाहन और बीच में पैदल चलने वाले बच्चे — आखिर इस अव्यवस्था के बीच उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? यदि किसी दिन इन खड़े भारी वाहनों के बीच कोई मासूम दुर्घटना का शिकार हो गया, तो क्या प्रशासन तब जागेगा जब किसी परिवार की खुशियां उजड़ चुकी होंगी?

 स्कूलों के सामने खतरे का रास्ता, बच्चों की सुरक्षा से आखिर कब तक समझौता?

इस मार्ग पर गुरुद्वारा, सतनाम प्रांगण, डेयरी, बिजली कार्यालय के साथ हरि किशन पब्लिक स्कूल, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल और कौशिल स्कूल जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थान स्थित हैं। पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और राताखार की बड़ी आबादी का दैनिक आवागमन भी इसी मार्ग पर निर्भर है। सुबह के समय सैकड़ों विद्यार्थी स्कूल-कॉलेज जाने के लिए निकलते हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षित रास्ते के बजाय भारी वाहनों की कतारों, संकरे मार्ग और जाम के बीच से गुजरने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।

सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई देने में भी परेशानी होती है। बच्चे यदि सड़क पार करते समय या किसी वाहन को बचाने के दौरान अचानक सामने आ जाएं, तो चालक के पास संभलने का पर्याप्त अवसर तक नहीं रह सकता। यह केवल यातायात बाधा नहीं, बल्कि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला है।

 पहले भी हो चुके हैं हादसे, फिर भी नहीं बदली व्यवस्था — घटना के बाद कार्रवाई या पहले सुरक्षा?

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले भी बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई परिवार अपनों को खोने का दर्द झेल चुके हैं। हादसों के बाद कुछ दिनों तक यातायात पुलिस और प्रशासन की सक्रियता दिखाई देती है, लेकिन समय बीतने के साथ फिर वही स्थिति लौट आती है। यदि पहले हुए हादसों के बावजूद सड़क पर भारी वाहनों की मनमानी पार्किंग जारी है, तो यह व्यवस्था की प्रभावशीलता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

नागरिकों का कहना है कि नो एंट्री का नियम लागू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन उस नियम के चलते भारी वाहनों को सड़क पर कहीं भी खड़े रहने की खुली छूट मिल जाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ट्रैफिक नियंत्रण के नाम पर एक मार्ग को बाधित कर दूसरे मार्ग को दुर्घटना का केंद्र बनने देना आखिर कैसी व्यवस्था है?

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, यातायात पुलिस और संबंधित विभागों से मांग की है कि सीएसईबी चौक से इंदिरा स्टेडियम, तुलसी नगर बिजली कार्यालय, राताखार और दर्री मार्ग तक तत्काल निरीक्षण कर सड़क पर खड़े ट्रेलरों एवं भारी वाहनों को हटाया जाए। अवैध कब्जों पर कार्रवाई हो, भारी वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाए तथा स्कूल खुलने और छुट्टी के समय विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए।

अब सवाल सिर्फ जाम का नहीं, बल्कि उन मासूम बच्चों की सुरक्षा का है जो रोज इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। प्रशासन के सामने खतरे की तस्वीर स्पष्ट है। जरूरत कार्रवाई की है, केवल निरीक्षण और औपचारिक निर्देशों की नहीं।

यदि सड़क पर खड़े ट्रेलरों के कारण कोई बड़ा हादसा होता है, तो क्या उसकी जिम्मेदारी तय होगी? या फिर हमेशा की तरह हादसे के बाद कुछ दिनों की कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? आखिर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन किसी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहा है?

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.