November 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

सात टीमों के बीच एक सप्ताह तक चला क्रिकेट का रोमांच, पटेल वारियर्स रही उपविजेता; विजेता टीम को ₹8,001 नगद, शील्ड और मेडल से किया गया सम्मानित

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रंजना। ग्राम पंचायत रंजना के राजीव गांधी स्टेडियम में IPL की तर्ज पर आयोजित रंजना प्रीमियर लीग (RPL) सीजन-5 का भव्य समापन हुआ। 14 नवंबर से लगातार एक सप्ताह तक चले इस क्रिकेट महोत्सव में सात टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल, जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में कोबरा बटालियन इलेवन ने पटेल वारियर्स को शिकस्त देकर सीजन-5 का खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल में कोबरा बटालियन इलेवन ने टॉस हारने के बावजूद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 93 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटेल वारियर्स की टीम 8 ओवर में 9 विकेट खोकर 63 रन ही बना सकी। इस तरह कोबरा बटालियन इलेवन ने शानदार जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि पटेल वारियर्स को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में जायसवाल इलेवन तीसरे और न्यू स्टार चौथे स्थान पर रही।

विजेता कोबरा बटालियन इलेवन को 8,001 रुपये नगद, शील्ड एवं सरपंच की ओर से प्रत्येक खिलाड़ी को मेडल प्रदान किया गया। उपविजेता पटेल वारियर्स को 4,001 रुपये नगद, शील्ड और जनपद सदस्य की ओर से मेडल, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त जायसवाल इलेवन को 2,001 रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। अन्य टीमों न्यू स्टार, धाकड़ इलेवन, किंग स्टार एवं जेबीडी फाइटर को सांत्वना पुरस्कार देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया।

 

 

व्यक्तिगत प्रदर्शन में सुनील को मैन ऑफ द मैच, विकास को मैन ऑफ द सीरीज, सूर्या को बेस्ट गेंदबाज, अमन को बेस्ट बल्लेबाज तथा पर्वतराज मरकाम को बेस्ट कमेंट्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, मैदान के बाहर जाने वाले छक्कों पर कैच पकड़ने और एलईडी बल्ब पुरस्कार जैसी गतिविधियों ने पूरे आयोजन को और रोमांचक बनाया।

उद्घाटन एवं समापन समारोह में सरपंच ममता धर्मराज मरकाम, जनपद सदस्य प्रतिनिधि मोतीलाल मरावी, उपसरपंच अन्नु छतन मरकाम, सचिव हरिसिंह कंवर, आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक, शासकीय विद्यालय के बच्चे एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी ग्रामीण उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, शारीरिक स्वास्थ्य और सामाजिक एकता को मजबूत करती हैं।

आयोजन समिति ने प्रतियोगिता की सफलता में सहयोग देने वाले नकुल चंद्रा, सनत, सुनील, सुभाष, रामचरण, प्रेमचंदर, गुड्डा, अमन, विज्ञान सहित सभी सहयोगियों, ग्रामवासियों, खेल प्रेमियों एवं मैचों में नगद पुरस्कार देने वाले सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। शिव खाद भंडार एवं शिवलाल पटेल के सहयोग की भी सराहना की गई। पूरे आयोजन में कमेंट्री, संचालन एवं पुरस्कार वितरण में कान्हा दीपक पटेल की भूमिका सराहनीय रही।

RPL सीजन-5 के समापन के साथ रंजना में खेल और उत्सव का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति ने आगामी प्रतियोगिताओं को और भव्य बनाने की योजना साझा करते हुए चीयर्स डांसिंग गर्ल्स, रायगढ़ क्षेत्र के अनुभवी अंपायर, महिलाओं के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था एवं मैचों के बीच उत्तम स्वल्पाहार जैसी सुविधाएं जोड़ने की तैयारी जताई। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को खेल के माध्यम से नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में RPL अब गांव का एक महत्वपूर्ण खेल मंच बनता नजर आ रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.