November 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 सरपंच सिल्की कुंवर सिंह राज के नेतृत्व में महिलाओं ने संभाली सामाजिक बदलाव की कमान, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को जनआंदोलन बनाने की तैयारी

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  मुड़ापार। गांव में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ अब महिलाएं एकजुट होकर मैदान में उतरने जा रही हैं। ग्राम पंचायत मुड़ापार में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला कमांडो वाहिनी का गठन किया गया है। सरपंच श्रीमती सिल्की कुंवर सिंह राज के नेतृत्व में आयोजित बैठक में महिलाओं ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाने और गांव में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

बैठक में नशे से परिवारों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, सामाजिक वातावरण पर इसके असर तथा गांव में नशामुक्त माहौल तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं ने एकमत होकर माना कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार, बच्चों और समाज के भविष्य पर पड़ता है। ऐसे में इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता, एकजुटता और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

महिला कमांडो वाहिनी के गठन के साथ गांव की महिलाओं को संगठित कर नशे के खिलाफ अभियान चलाने, लोगों को जागरूक करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में पहल की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य गांव में सकारात्मक वातावरण तैयार करना और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करना है।

 

 

इस पहल के दौरान शासन एवं प्रशासन से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई। महिला कमांडो वाहिनी को आवश्यक सुरक्षा, प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग रखी गई, ताकि महिलाएं बिना किसी भय के सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

मुड़ापार की महिलाओं की यह पहल गांव में सामाजिक बदलाव की नई उम्मीद बनकर सामने आई है। महिला शक्ति को एकजुट कर नशे के खिलाफ अभियान को व्यापक जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। अब गांव की महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है और मुड़ापार में इस बदलाव की शुरुआत महिलाएं स्वयं करने जा रही हैं।
🌺

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.