दर्री बराज का गेट खुलते ही हसदेव नदी घाट में बढ़ा पानी, कीचड़ और खराब मौसम ने बिगाड़ी तैयारी; जनवरी में मकर संक्रांति पर होगा भव्य पुन्नी मेला
1 min read
24 नवंबर को पुरानी बस्ती में होने वाला आयोजन स्थगित, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आयोजन समिति का सर्वसम्मति से फैसला
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। चक्रवाती तूफान अकवान के असर से हुई बारिश और दर्री बराज का गेट खोले जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पुरानी बस्ती, दुरपा रोड और इंदिरा नगर के नदी तट पर पानी का भराव बढ़ने तथा घाट पर कीचड़ की स्थिति को देखते हुए 24 नवंबर को आयोजित होने वाला भव्य पुन्नी मेला जनवरी माह तक स्थगित कर दिया गया है। अब यह आयोजन मकर संक्रांति के अवसर पर किया जाएगा।
पुन्नी मेला आयोजन समिति की आवश्यक बैठक पुरानी बस्ती में आयोजित हुई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण नदी घाट पर जलभराव बढ़ गया है। ऐसे में मेले के आयोजन से श्रद्धालुओं को परेशानी होने की आशंका थी।
कोरबा में पहली बार सर्व समाज कोरबा के तत्वावधान में इतने भव्य स्तर पर पुन्नी मेले का आयोजन प्रस्तावित था। आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और नदी में बढ़ते जलस्तर के चलते कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा।
आयोजन समिति के संयोजक एवं निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबी देवी सागर सहित समिति के सदस्यों ने बताया कि अब मकर संक्रांति के अवसर पर पुन्नी मेले का आयोजन और भी भव्य तैयारियों के साथ किया जाएगा।




