November 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

**मुख्यमंत्री बोले—पटवारियों के सुझाव भी होंगे शामिल, हड़ताल के दौरान की गई कार्रवाई पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक करेगी विचार; काम पर लौटने के फैसले का किया स्वागत**

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा।** छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे राजस्व पटवारियों की हड़ताल आखिरकार स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन समाप्त कर नियमित शासकीय कार्यों में लौटने का निर्णय लिया है। इस फैसले का मुख्यमंत्री ने स्वागत करते हुए पटवारियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया है। वेतन विसंगति और पदोन्नति के निराकरण के लिए कमेटी गठित की जाएगी, जिसमें पटवारी संघ के प्रतिनिधि भी अपने सुझाव रख सकेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा के संबंध में कहा कि पटवारी संघ के डेलीगेशन से उनकी बातचीत हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने पिछले कई दिनों से जारी हड़ताल समाप्त करने का वादा किया है। पटवारियों की मांग थी कि उनके वेतन और पदोन्नति से जुड़े मामलों के निराकरण के लिए एक समिति का गठन किया जाए। सरकार इस दिशा में समिति गठित करेगी और उसमें पटवारी संघ के प्रतिनिधियों को भी अपने सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। समिति सभी पहलुओं पर विचार कर अपनी उचित रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हड़ताल के दौरान कुछ पटवारियों के विरुद्ध जो कार्यवाहियां की गई हैं, उन पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने पटवारी संघ के आंदोलन समाप्त करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण रखती है।

 

**मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान—**

“पटवारी संघ के डेलीगेशन से चर्चा हुई है और उन्होंने अपनी हड़ताल, जो पिछले कई दिनों से चल रही थी, उसको तोड़ने का वादा किया है। उनकी जो मांगें थीं कि उनके वेतन और प्रमोशन को लेकर एक समिति का गठन किया जाए, तो समिति का गठन होगा। समिति में वे भी अपना सुझाव रखेंगे और समिति उचित रिपोर्ट सरकार को देगी। पिछले दिनों हड़ताल के समय कुछ लोगों के ऊपर जो कार्यवाही हुई है, उन पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। पटवारी संघ आंदोलन समाप्त कर रहे हैं, तो उनका स्वागत है।”

**कोरबा में भी पटवारी लौटेंगे काम पर**

मुख्यमंत्री के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश के बाद राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ की जिला इकाई कोरबा ने भी अपनी 41 दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दी है। जिला इकाई के अनुसार सभी पटवारी अगले दिन से अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में उपस्थित होकर नियमित शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे। इससे राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशान हो रहे आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

41 दिनों तक चले इस आंदोलन के बाद अब सबकी निगाहें सरकार द्वारा गठित की जाने वाली कमेटी और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं। पटवारियों की वेतन विसंगति, पदोन्नति और आंदोलन अवधि की कार्रवाई जैसे अहम मुद्दों पर सरकार की अगली पहल यह तय करेगी कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों का समाधान किस दिशा में आगे बढ़ता है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.