राज्यपाल रमेन डेका के हाथों ‘सेवा-ज्योति’ का भव्य विमोचन, रेडक्रास कोरबा के तीन वर्षों की मानवसेवा को मिला सम्मानपूर्ण दस्तावेज
1 min read
रजत जयंती वर्ष पर प्रकाशित पत्रिका में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा; राज्यपाल ने रेडक्रास कोरबा की पहल को बताया समाज के लिए प्रेरणादायी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। सेवा ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों की सहायता ही सामाजिक दायित्व का वास्तविक स्वरूप है। इसी सेवा भावना, समर्पण और जनकल्याणकारी कार्यों की गौरवगाथा को शब्दों में संजोते हुए भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रकाशित विशेष पत्रिका ‘सेवा-ज्योति’ का विमोचन महामहिम राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से बिलासपुर में संपन्न हुआ।
यह पत्रिका केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि कोरबा जिले में पिछले तीन वर्षों से संचालित मानवीय सेवा गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और संस्था से जुड़े सदस्यों के योगदान का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा विभिन्न अवसरों पर किए गए सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है। साथ ही संस्था के संरक्षकों, सह-संरक्षकों और आजीवन सदस्यों की जानकारी को भी स्थान दिया गया है।

विमोचन समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने ‘सेवा-ज्योति’ के प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे रजत जयंती वर्ष की एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने पत्रिका में संकलित सेवा गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेडक्रास सोसायटी मानवता, सेवा और समर्पण के मूल भाव के साथ समाज के लिए कार्य करती है। कोरबा जिला शाखा द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को इस तरह संकलित कर प्रकाशित करना सराहनीय प्रयास है। ऐसे प्रकाशन समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही दूसरे लोगों को भी मानवता के कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा कोरबा के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया एवं जिला प्रतिनिधि योगेश जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
‘सेवा-ज्योति’ के प्रकाशन के माध्यम से रेडक्रास कोरबा ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल की गतिविधियों को एक स्थान पर संजोने का प्रयास किया है। इससे संस्था की सेवा यात्रा, सदस्यों की सहभागिता और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का व्यवस्थित दस्तावेज तैयार हुआ है। साथ ही आने वाले समय में सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए यह प्रकाशन प्रेरणा का आधार भी बनेगा।
रजत जयंती वर्ष के अवसर पर कोरबा जिला शाखा की यह पहल इस संदेश को भी मजबूती देती है कि मानवता की सेवा किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। ‘सेवा-ज्योति’ इसी भावना को अक्षरों में पिरोकर सेवा, सहयोग और संवेदना की प्रेरक कहानी प्रस्तुत करती है।




