November 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

जगदलपुर से रायपुर तक गांजा तस्करी के कथित गलियारे पर वर्तमान सरकार ने कसी नकेल, नशा माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कांग्रेस से पूछे सवाल

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिनके शासनकाल में प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क फलने-फूलने के आरोप लगे, वे आज नशा मुक्ति की बात कर रहे हैं। कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल के दौरान नशे के अवैध कारोबार पर उठे सवालों का जवाब देना चाहिए।

शताब्दी पाण्डे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार का बड़ा केंद्र बनता जा रहा था। उन्होंने कहा कि उस दौर में शराब और सूखे नशे के अवैध कारोबार में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता के मामले भी सामने आए थे। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को वर्तमान सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का रिकॉर्ड भी जनता के सामने रखना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने विशेष रूप से जगदलपुर से रायपुर तक के मार्ग का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय इस रास्ते का इस्तेमाल गांजे की तस्करी के लिए बड़े पैमाने पर किया जाता था। उनके अनुसार, इस कथित तस्करी नेटवर्क पर पहले अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई गई, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में निगरानी बढ़ाकर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देशभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2047 तक नशामुक्त भारत के संकल्प को लेकर केंद्र सरकार गंभीरता से काम कर रही है। छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार तथा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उच्चस्तरीय बैठकों और कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

शताब्दी पाण्डे ने कहा कि प्रदेश में नारकोटिक्स ब्यूरो और सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। सरकार की प्राथमिकता युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई करना है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नशे जैसे गंभीर सामाजिक विषय को राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यदि कांग्रेस वास्तव में प्रदेश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए चिंतित है, तो उसे अपने शासनकाल में सामने आए आरोपों और सवालों पर भी जवाब देना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई किसी राजनीतिक दल के दबाव या बयानबाजी से प्रभावित नहीं होगी। प्रदेश की युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.