अब धूप-बारिश की मार से राहत, रात में जगमगाएंगे कोरबा के प्रमुख मार्ग
सीएसईबी चौक पर ₹16.15 लाख के वेटिंग शेड का लोकार्पण, तीन मार्गों पर 195 नई स्ट्रीट लाइटों से बढ़ेगी सुविधा और सुरक्षा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सीएसईबी चौक पर नवनिर्मित वेटिंग शेड का लोकार्पण उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया। जिला खनिज न्यास मद से ₹16.15 लाख की लागत से बने इस शेड से सिग्नल पर इंतजार करने वाले लोगों को धूप और बारिश से राहत मिलेगी।

इसके साथ ही नगर निगम के तीन प्रमुख मार्गों पर स्थापित 195 नई स्ट्रीट लाइटों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें राताखार मुख्य मार्ग से मुक्तिधाम तक 44, रामनगर चौक से सिपेट होते हुए अयोध्यापुरी तक 80 तथा जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट प्रधानमंत्री आवास तक 71 एलईडी लाइटें शामिल हैं।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सीएसईबी चौक के दूसरी ओर भी वेटिंग शेड का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नई रोशनी और वेटिंग शेड से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
