अंत्योदय और एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी भाजपा के लिए मार्गदर्शक : किरण देव
1 min read



पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अर्पित की पुष्पांजलि, राष्ट्रसेवा और संगठन निष्ठा को किया स्मरण
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्र निर्माण, समाजसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निष्ठा और विचारधारा के प्रति अटूट समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय का उनका मंत्र भाजपा के लिए आज भी पथ-प्रदर्शक है। उन्होंने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की जिस अवधारणा को सामने रखा, वह जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देती है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा का प्रभावी साधन माना। उनका त्याग, सादगी, संगठन के प्रति समर्पण और वैचारिक स्पष्टता भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
किरण देव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित ऐसे राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है, जिसमें विकास का केंद्र समाज का प्रत्येक वर्ग हो। अंत्योदय के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण पहुंचाने का विचार आज भी भाजपा की कार्यशैली में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेकर भाजपा की डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ सहित देश में जनकल्याण और विकास के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्र की प्रगति तभी सार्थक है, जब विकास की धारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

जयंती अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, अमरजीत सिंह छाबड़ा, किशोर महानंद, अमित मैशेरी, अकबर अली सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







