हसदेव घाट पर सेवा का संकल्प, स्वच्छता के लिए जुटा भाजपा का कुनबा; गोपाल मोदी ने दिलाई जिम्मेदारी की शपथ
1 min read



‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सर्वमंगला घाट में श्रमदान, स्वच्छता कर्मियों का सम्मान और जनजागरूकता का संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के जरिए सर्वमंगला-हसदेव नदी घाट पर सेवा और स्वच्छता की मुहिम को गति दी गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम के साथ मिलकर घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
घाट परिसर में श्रमदान के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर गोपाल मोदी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता को निरंतर व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
सफाई कर्मियों का सम्मान, सेवा भावना को मिला सम्मान
अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों को आवश्यक किट का वितरण किया गया। सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी स्वच्छता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, योगेश जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, कमला बरेठ, ज्योति वर्मा, मनोज राठौर, योगेश मिश्रा, डॉ. राजेश राठौर, मनीष मिश्रा, प्रीति स्वर्णकार, शैलेन्द्र यादव, सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सर्वमंगला-हसदेव घाट का यह आयोजन सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता को एक साथ जोड़ने वाला संदेश लेकर सामने आया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ कोरबा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया गया।







