तिलकेजा में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, विद्यार्थियों की बुलंद आवाज ने दिया सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
1 min read



भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने बेबाकी से रखे विचार, चित्रकलाओं में दिखा आत्मनिर्भर और स्वच्छ भारत का सपना
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// तिलकेजा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी-हिन्दी माध्यम विद्यालय तिलकेजा में आयोजित भाषण प्रतियोगिता ने विद्यालय परिसर को विचारों, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए ‘सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047 का संकल्प’, ‘स्वदेशी अपनाओ-आत्मनिर्भर भारत बनाओ’, ‘स्वच्छता ही सेवा है’, ‘नशामुक्त समाज-सशक्त समाज’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे विषयों को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया। बच्चों ने अपने भाषणों में बताया कि देश को विकसित और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवा पीढ़ी की भी है।

किसी विद्यार्थी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज की पहली सीढ़ी बताया तो किसी ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं नशामुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी सोच और जागरूकता का परिचय दिया। बच्चों के विचारों में देश के प्रति जिम्मेदारी, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और समाज को बेहतर बनाने की भावना स्पष्ट दिखाई दी।
रंगों में भी दिखाई दिया राष्ट्र निर्माण का सपना
कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता के साथ विद्यार्थियों द्वारा सेवा संकल्प अभियान की थीम पर तैयार की गई चित्रकलाओं का प्रदर्शन भी किया गया। रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, विकसित भारत और राष्ट्र सेवा की भावनाओं को कागज पर उकेरा। आकर्षक चित्रकलाओं ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने के साथ कार्यक्रम में विशेष आकर्षण भी जोड़ा।

कार्यक्रम में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन साव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ SMDC सदस्य रामनिरंजन जायसवाल एवं गजेन्द्र वैष्णव सहित विद्यालय के प्राचार्य तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें इसी प्रकार सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस आयोजन ने विद्यार्थियों को केवल मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें सेवा, जिम्मेदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर सोचने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का मंच भी प्रदान किया। तिलकेजा के विद्यालय में विद्यार्थियों की यह पहल इस बात का संदेश देती नजर आई कि आज की जागरूक और जिम्मेदार युवा पीढ़ी ही कल के विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेगी।







