केचुली ने खोला खौफनाक राज! सामान हटाते ही पाइप से निकला 6 फीट का विशालकाय कोबरा
1 min read



बुधवारी के इलेक्ट्रॉनिक शॉप के स्टोर रूम में मचा हड़कंप, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। बुधवारी स्थित खुशबू इलेक्ट्रॉनिक शॉप के स्टोर रूम में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सामान हटाने के दौरान वहां सांप की केचुली दिखाई दी। केचुली देखकर स्टोर रूम में बड़े सांप की मौजूदगी की आशंका जताई गई और एहतियातन सामान हटाने का काम तत्काल रोक दिया गया। आसपास मौजूद लोगों में भी चिंता बढ़ गई।
मामले की जानकारी अभिषेक ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम प्रमुख एवं वन विभाग सदस्य जितेंद्र सारथी को दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ स्टोर रूम की जांच शुरू की गई। स्थानीय लोगों की मदद से सामान को धीरे-धीरे हटाया जा रहा था और हर कदम बेहद सतर्कता के साथ उठाया जा रहा था।
इसी दौरान आशंका सच साबित हुई। सामान के बीच करीब 6 फीट लंबा विशालकाय कोबरा नजर आया। कोबरा दिखाई देते ही वह तेजी से एक पाइप के भीतर जा छिपा, जिसके बाद रेस्क्यू टीम के सामने उसे सुरक्षित बाहर निकालने की चुनौती खड़ी हो गई।
टीम ने बिना जल्दबाजी किए करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास किया। पाइप में छिपे कोबरा को बाहर निकालने के लिए पानी की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद सांप पाइप के दूसरे सिरे से बाहर निकला, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।

जितेंद्र सारथी की टीम ने आवश्यक सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए कोबरा को सुरक्षित थैले में रखा। विशालकाय सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद दुकान संचालक, स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि वन्यजीव को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
लोगों के लिए विशेष जागरूकता संदेश
🐍 सांप कहीं भी दिखाई दे तो घबराएं नहीं और उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें।
घर, दुकान, गोदाम या किसी अन्य स्थान पर सांप नजर आए तो तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को कॉल करें।
वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी/नोवा नेचर का नंबर अपने मोबाइल में अभी से सेव करके रखें।
समय पर सूचना देने से इंसान की सुरक्षा भी होती है और बेजुबान वन्यजीव की जान भी बचाई जा सकती है।
सांप को छेड़ें नहीं—दूरी बनाए रखें और तुरंत विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना दें।







