25 साल की मोदी यात्रा अब जन-जन की जुबान पर, ‘सेवा संकल्प अभियान’ से कोरबा में दिखेगा सेवा का विराट स्वरूप
1 min read



17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की तैयारी
Tirentra times Korba **//**//**// कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को केवल एक राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, जनसेवा, सुशासन और समर्पण की लंबी यात्रा बताते हुए भाजपा ने कोरबा में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर अपनी तैयारियों का खाका सामने रखा है। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित रहा है और उनके 25 वर्षों की यह यात्रा सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।

नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सत्ता को लक्ष्य नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना। उनके नेतृत्व में भारत आज विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा ने इस बार सेवा पखवाड़े को व्यापक विस्तार देते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान महज कार्यक्रमों की औपचारिक श्रृंखला नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा, संकल्प, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का व्यापक जनअभियान है। भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा को जनभागीदारी से जोड़ेंगे।
सेवा की कहानी, संकल्प की यात्रा—अलग-अलग कार्यक्रमों से बनेगा अभियान का व्यापक स्वरूप
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाजपा द्वारा ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’ तथा ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं, उनके सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए गए प्रयासों को जनता के बीच ले जाने की योजना है। भाजपा का प्रयास है कि अभियान केवल पार्टी के कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी के साथ इसे व्यापक जनअभियान का स्वरूप मिले।
17 सितंबर से कोरबा में शुरू होगा अभियान, भाजपा ने कसी कमर—गोपाल मोदी
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी, जो लगातार 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान को लेकर कोरबा जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के इस विशेष पड़ाव को भाजपा कार्यकर्ता सेवा और जनभागीदारी के माध्यम से यादगार बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटेंगे। जिले के विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक तंत्र अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की तैयारी में जुटा है। सेवा के विभिन्न आयामों को समाज के बीच ले जाकर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जागेश लांबा, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा तथा एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







