September 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा सफर पर भाजपा का महीनेभर का अभियान; ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ युवा, महिला, किसान और आमजन होंगे अभियान से जुड़े
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने इस बार एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ का ऐलान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने का विशेष अवसर है। इसलिए इस वर्ष सेवा पखवाड़े को व्यापक स्वरूप देते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में एक महीने तक चलाने का निर्णय लिया गया है।
12 कार्यक्रमों के जरिए पहुंचेगा सेवा और सुशासन का संदेश
अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को जनता तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
17 सितंबर को रक्तदान और ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवारों और आम नागरिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा सफर के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।
विद्यार्थियों से लेकर महिलाओं और युवाओं तक व्यापक भागीदारी
‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत स्कूलों में चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से आम नागरिकों से श्रमदान और सामाजिक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया जाएगा। ‘सेवा सेतु’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लेकिन योजनाओं से वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा।
वडनगर से वाराणसी तक युवा सेवा यात्रा
भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। युवा टोलियों के माध्यम से गांवों में चौपाल, किसानों, आंगनवाड़ी केंद्रों और युवा समूहों के साथ संवाद करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
नवाचार से सुशासन तक बनेगा अभियान का व्यापक दायरा
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में विद्यार्थी, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स भाग लेंगे। चयनित नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ के तहत मानव रंगोली और विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।
‘सुशासन संवाद’ के माध्यम से सरपंच, स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न स्तर के जनप्रतिनिधियों को जोड़कर ‘विकसित भारत संकल्प’ को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
‘सोच बदलने से लेकर देश की दिशा बदलने तक’—नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में केवल विकास की गति ही नहीं बढ़ी, बल्कि देश की सोच और आकांक्षाओं का स्तर भी बदला है। युवाओं को रोजगार सृजन, महिलाओं को नेतृत्व, किसानों और गरीबों को योजनाओं से जोड़ने तथा भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में अनेक पहल हुई हैं।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल मंत्र सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत की ओर बढ़ना है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता से अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। इसका संदेश होगा—‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।’

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.