September 8, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा माहभर का अभियान, बूथ से लेकर गांव-शहर तक सेवा गतिविधियों की बनेगी व्यापक श्रृंखला : विजय शर्मा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के गौरवपूर्ण कार्यकाल के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि प्रदेशभर में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं ऊर्जावान जीवन की कामना के साथ 36 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान परिवारों की भागीदारी के साथ प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा-समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया जाएगा।
7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष मशाल और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री का देश के सभी जिला केंद्रों को संबोधन प्रसारित किया जाएगा। वहीं ‘वडनगर से वाराणसी—जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ भी अभियान का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जिसमें युवा विभिन्न राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ के कवर्धा और कोरिया सहित अन्य क्षेत्रों से गुजरेंगे।
माहभर चलने वाले ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे। सार्वजनिक स्थलों के सुधार, स्वच्छता और क्षेत्रीय विकास से जुड़े 25 प्रमुख सेवा कार्यों में से नागरिक अपनी पसंद का कार्य चुनकर प्रत्यक्ष योगदान देंगे। प्रत्येक विधानसभा में कम से कम दो प्रमुख स्थानों पर दिखाई देने वाला बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के दौरान ‘सेवा के रंग’ रंगोली प्रतियोगिता, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, सेवा ज्योति यात्राएं और सेवा सेतु केंद्र जैसे कार्यक्रम भी होंगे। सेवा सेतु केंद्रों में नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाने की पहल की जाएगी।
इसके अलावा ‘25 साल की 25 कहानियां’ के माध्यम से देश में हुए बड़े बदलावों और विकास कार्यों को युवाओं एवं समाज के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियों का डिजिटल संकलन तैयार किया जाएगा। युवाओं, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स के लिए क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, प्रदेश मंत्री अमित साहू व अंबिकेश केशरी तथा भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारिहा उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.