सिमगा हायर सेकेंडरी स्कूल में गूंजा गुरु सम्मान, शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने जताया आभार
1 min read



प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह बोले— इंटरनेट, गूगल और AI के दौर में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका सर्वोपरि
सिमगा स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा/पोड़ीउपरोड़ा जिले के पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में 5 सितंबर को भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि आज इंटरनेट, गूगल, AI और ChatGPT के दौर में सूचनाएं सहज उपलब्ध हैं, लेकिन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका आज भी सर्वोपरि है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके भविष्य और राष्ट्र के निर्माण की नींव मजबूत करते हैं।
गुरुजनों को भेंट किए श्रीफल और उपहार
शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह सहित सभी व्याख्याता एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रीफल, पेन एवं उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में व्याख्याता एवं शिक्षकगण दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, सोनम बालन, अनुराधा राठौर, उमाकांत टोंडे, रुपसाय बिंझवार एवं कमलेश्वर सिंह सहित विद्यार्थी सोनल कुमारी, सतीश कुमार, सोनिया, नंदिनी कुमारी, साहिल कुमार, लक्ष्मी कुमारी, उमेश्वरी एवं मुकेश कुमार तथा पालकगण और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
समारोह ने विद्यार्थियों में गुरु के प्रति सम्मान, संस्कार और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने के साथ शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।







