तुमान मार्ग बना मुसीबत का रास्ता, गड्ढे में फंसी तीर्थयात्रियों की बस
1 min read



डेढ़ घंटे तक यात्रियों ने खुद पाटे गड्ढे, मिट्टी-पत्ते और टहनियां डालकर निकाली बस; सड़क की बदहाली पर उठे सवाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// तुमान। बरपाली–तुमान मार्ग की जर्जर सड़क अब राहगीरों के लिए परेशानी के साथ हादसे का खतरा भी बनती जा रही है। रविवार को रायगढ़ से अमरकंटक तीर्थ यात्रा पर जा रही यात्रियों से भरी बस तुमान मार्ग के एक बड़े गड्ढे में फंस गई। चालक के प्रयास के बावजूद बस बाहर नहीं निकल सकी, जिसके बाद यात्रियों को मजबूरी में सड़क पर उतरकर खुद मोर्चा संभालना पड़ा।
यात्रियों ने आसपास से मिट्टी, पत्ते और टहनियां जुटाकर गड्ढे को पाटा और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बस को बाहर निकाला। इस घटना ने मार्ग की बदहाली और जिम्मेदार विभाग की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बारिश में बढ़ी परेशानी
बरपाली–तुमान मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के कारण इनमें पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहनों से लेकर बस और भारी वाहनों तक के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है।
खबरों के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।
तीर्थयात्रियों की बस का गड्ढे में फंसना एक चेतावनी है। सवाल अब यही है—क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा, या उससे पहले इस मार्ग की सुध ली जाएगी?







