गुरु सिर्फ ज्ञान नहीं देते, बेहतर इंसान बनने की राह भी दिखाते हैं : डॉ. प्रशांत
1 min read



कमला नेहरू कॉलेज में शिक्षक दिवस पर हुए विविध आयोजन, प्राध्यापकों का किया गया सम्मान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय में शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कॉलेज के विभिन्न विभागों, ग्रंथालय एवं शिक्षा संकाय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिक्षकों के सम्मान में विशेष आयोजन हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल दौर के साथ शिक्षकों ने भी स्वयं को निरंतर विकसित किया है। डॉ. राधाकृष्णन का जीवन आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रंथालय में डॉ. राधाकृष्णन की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि से हुई। बी.लिब. एवं आई.एस.सी. विभाग के विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व, गुरु-शिष्य परंपरा और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।
प्राध्यापकों का सम्मान:
स्टाफ रूम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
बीएड विद्यार्थियों ने बांधा समां:
शिक्षा संकाय में बीएड विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षक को समाज और राष्ट्र के भविष्य का मार्गदर्शक बताया।
प्राणीशास्त्र विभाग में भी उत्साह:
प्राणीशास्त्र विभाग में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित कर केक काटा और प्राध्यापकों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। पूरे महाविद्यालय में शिक्षक दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा।







