“किसी बच्चे की परिस्थितियां उसके सपनों की सीमा न बनें” — शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने गुरुजनों से कहा, हर बच्चे का हाथ थामिए
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर, 4 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गुरुजनों के नाम लिखे आत्मीय पत्र में अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को याद करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय के साथ शिक्षा का स्वरूप भले ही स्लेट-तख्ती से स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यमों तक पहुंच गया हो, लेकिन बच्चे के भीतर आत्मविश्वास जगाने और उसके जीवन को दिशा देने में शिक्षक की भूमिका आज भी सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि जशपुर के बगिया गांव के साधारण किसान परिवार से शुरू हुआ उनका शिक्षा सफर अनेक कठिनाइयों से गुजरा। कम उम्र में पिता को खोने के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ीं और आगे की पढ़ाई भी परिस्थितियों के कारण जारी नहीं रख सके। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों को देखकर संतोष होता है कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों तक भी आधुनिक संसाधन और नए अवसर पहुंच रहे हैं।

“तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन शिक्षक ही बच्चे के भीतर विश्वास पैदा करता है”, यह कहते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से विशेष आग्रह किया कि वे उन बच्चों को जरूर आगे बढ़ाएं, जो आर्थिक अभाव, संकोच या किसी अन्य कारण से पीछे छूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का प्रोत्साहन का एक वाक्य भी किसी बच्चे के जीवन की दिशा बदल सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षा को आधुनिक, व्यावहारिक और बच्चों की प्रतिभा के अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मातृभाषा में शिक्षा, कौशल विकास, स्मार्ट क्लास और डिजिटल संसाधनों के विस्तार के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच मजबूत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि “हम ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना चाहते हैं, जहां किसी बच्चे की परिस्थितियां उसके सपनों की सीमा तय न करें।”
शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री ने गुरुजनों को नमन करते हुए कहा कि उनके शिक्षकों से मिले संस्कार, सीख और मार्गदर्शन ही उनके जीवन की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने आह्वान किया कि हर स्कूल सपनों का द्वार बने, हर कक्षा संभावनाओं का संसार बने और हर शिक्षक अपने विद्यार्थियों के जीवन में आशा का दीप जलाए।







