उत्कृष्ट संगठनात्मक कार्य के लिए कोरबा किसान मोर्चा सम्मानित
1 min read



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदान किया मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र, कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक में कोरबा जिला किसान मोर्चा को उत्कृष्ट कार्य एवं संगठनात्मक सक्रियता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कोरबा किसान मोर्चा को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
यह सम्मान जिले में किसान मोर्चा द्वारा संगठन को मजबूत करने, किसानों के बीच निरंतर संपर्क एवं संवाद स्थापित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए दिया गया। प्रदेश स्तर पर मिली इस सराहना को कोरबा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक मेहनत और समर्पण का सम्मान बताया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत का परिणाम है। सम्मान से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है और उन्होंने भविष्य में किसानों के बीच और अधिक सक्रियता से कार्य करने तथा संगठन को ग्राम एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र को भाजपा संगठन महामंत्री श्री पवन कुमार साय ने संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और किसानों के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने को लेकर मार्गदर्शन दिया।
बैठक में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री आलोक सिंह ठाकुर, खाद्य आयोग अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष श्री बिसेसर पटेल, बीज निगम अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चंद्राकर, प्रदेश महामंत्री श्री नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्राही एवं किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रभारी श्री पूनम चंद्राकर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंतिम सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वरिष्ठ नेताओं ने किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
प्रदेश कार्यसमिति में मिला यह सम्मान कोरबा किसान मोर्चा के लिए गौरव का विषय है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों की पहचान बताते हुए आने वाले समय में और अधिक सक्रियता के साथ किसानों के बीच कार्य करने का संकल्प दोहराया।







