August 31, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण, सड़क, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र और नाली निर्माण से बदलेगी तस्वीर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा, 30 अगस्त 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन के पांच वार्डों में रविवार को विकास कार्यों की नई सौगात मिली। वार्ड क्रमांक 50, 51, 52, 58 और 59 में लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी गई।
कार्यक्रम के दौरान करीब 1 करोड़ रुपये की लागत वाले नवीन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि 25 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कराए गए विकास कार्य का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षदगण, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इन वार्डों में होंगे महत्वपूर्ण विकास कार्य
दर्री जोन के वार्ड क्रमांक 50 में एचटीपीएस कॉलोनी स्थित जनता यूनियन कार्यालय के समीप करीब 10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 51 के स्याहीमुड़ी क्षेत्र में 10 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन होगा। इसी वार्ड के स्याहीमुड़ी ऊपरपारा बस्ती में 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 52 के अयोध्यापुरी में सीपेट के सामने 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 58 के श्यामनगर साडा कॉलोनी में जैतखाम के पास 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन एवं बाउंड्रीवाल निर्माण कराया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 59 के दर्री खालेपारा में 25 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक मंच एवं नाली निर्माण किया जाएगा। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत की मौजूदगी में किया गया।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 58 स्थित सरदार पटेल नगर सामुदायिक भवन में 25 लाख रुपये की लागत से प्रथम तल निर्माण एवं अन्य विस्तार कार्य पूर्ण होने पर उसका लोकार्पण भी किया गया।
सरकार की योजनाओं से आम लोगों को मिल रहा लाभ : देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश और प्रदेश के करोड़ों परिवारों तक पहुंच रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है और विकास कार्यों को भी लगातार गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त किया था और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के विकास की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में विकास कार्यों को फिर से गति मिली है। उन्होंने दावा किया कि कोरबा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान लगभग 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। इनमें कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश का दौर समाप्त होते ही सड़क निर्माण, डामरीकरण, सड़क कायाकल्प सहित अन्य विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर गति दी जाएगी।
1100 करोड़ के विकास कार्यों से बदल रही निगम क्षेत्र की तस्वीर : महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग एवं मार्गदर्शन से नगर निगम कोरबा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान करीब 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में सड़क विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। बारिश के कारण सड़क डामरीकरण एवं कायाकल्प के कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन बारिश समाप्त होते ही इन कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा।
महापौर ने बताया कि निगम क्षेत्र में 5000 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 4000 नए आवासों की स्वीकृति भी प्राप्त हुई है।

 

67 वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य : सभापति
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन और महापौर संजू देवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा नगर निगम क्षेत्र विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि निगम के सभी 67 वार्डों में नागरिकों की मांग और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने दर्री जोन के पांच वार्डों को मिली विकास कार्यों की सौगात के लिए मंत्री और महापौर का आभार व्यक्त किया।
जनता से किए वादों को पूरा करने का प्रयास : नरेन्द्र देवांगन
वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि विधानसभा एवं महापौर चुनाव के दौरान जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की मांग और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ लखनलाल देवांगन को विधायक और संजू देवी राजपूत को महापौर की जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को विकास कार्यों के माध्यम से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य फिरतराम साहू, सरोज शांडिल्य, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, सीता पटेल, प्रीति दिनेश शर्मा, जनक सिंह राजपूत, पुष्पा कंवर, सुखविंदर कौर, एल्डरमेन ईश्वर साहू, मनोज अग्रवाल, दीपक यादव, अंजय अग्रवाल, तोमेश यादव, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, तुलसी ठाकुर, कौशल देवांगन, नारायण सिंह ठाकुर, अनिल द्विवेदी, प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, दिनेश शर्मा, बुधवार साय यादव, परमिंद्रपाल कंवर, अनिल यादव, लक्ष्य चतुर्वेदी, नंदकुमार साहू, लखनलाल यादव, प्रियंका मिश्रा, तरून्निशा, टी.पी. गुप्ता, आशीष अग्रवाल, आशीष सोनवानी, दिलीप अग्रवाल, सुबोध शुक्ला, बैजू भावनानी, संगीता पालीवाल, सत्यभामा अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, प्रेम अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, मधुर अग्रवाल, मोनू आदिले, सूर्या यादव, मोतीराम, जमालखान, मुनीराम साहू, सीमा साहू, पूजा कुम्हार, अनिता केंवट, निर्मला शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
दर्री जोन के पांच वार्डों में स्वीकृत इन विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों को सामुदायिक सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, जल निकासी एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.