बूथ से प्रदेश तक गूंजी ‘मन की बात’, 137वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ ने दिखाई जनभागीदारी की ताकत
1 min read



मुख्यमंत्री साय से लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का प्रसारण रविवार, 30 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ में प्रदेश से लेकर प्रत्येक मतदान केंद्र तक उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ सुना गया। मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों के साथ विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रवण किया।
प्रदेश के विभिन्न संगठनात्मक संभागों, जिलों, मंडलों और बूथों पर आयोजित श्रवण कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
निरंजन धर्मशाला में मुख्यमंत्री साय ने सुनी ‘मन की बात’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं टंक राम वर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नई दिल्ली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया श्रवण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित छत्तीसगढ़ निवास में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों से सीधा संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रेरणादायी जानकारी साझा करते हैं।

खैरागढ़ में संगठन महामंत्री पवन साय ने सुना प्रसारण
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़ में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का श्रवण किया। इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी ने बूथ स्तर पर सुनी ‘मन की बात’
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने महासमुंद के वार्ड क्रमांक 29, बूथ क्रमांक 224 में बूथ अध्यक्ष हिमांशु चन्द्राकर के निवास पर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू सहित पार्टी पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छिदनार में मंत्री केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ किया श्रवण
वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत छिदनार में प्रदेश सह कार्यालय मंत्री एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक प्रीतेश गांधी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय तथा स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन का श्रवण किया।
इस प्रकार छत्तीसगढ़ में ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी केवल रेडियो प्रसारण तक सीमित नहीं रही, बल्कि बूथ स्तर तक पहुंची जनभागीदारी और संगठनात्मक सक्रियता का व्यापक माध्यम बनी। प्रदेशभर में हुए सामूहिक श्रवण कार्यक्रमों ने प्रधानमंत्री के विचारों को आमजन तक पहुंचाने के साथ कार्यकर्ताओं को समाजहित और राष्ट्र निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।







