NEET UG 2026 काउंसलिंग में फर्जीवाड़े पर सरकार का शिकंजा, बाहरी छात्रों और दलालों को मंत्री जायसवाल की दो टूक—“छत्तीसगढ़ की एक भी पात्र सीट पर डाका नहीं पड़ने देंगे”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**रायपुर। NEET UG 2026 की छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय काउंसलिंग को लेकर राज्य सरकार ने अपना रुख बेहद सख्त कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साफ शब्दों में कहा है कि छत्तीसगढ़ के पात्र विद्यार्थियों के हक की एक भी सीट किसी बाहरी या अपात्र व्यक्ति के हाथ नहीं जाने दी जाएगी। सरकार ने काउंसलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ फर्जी दस्तावेजों और दलाली पर कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया है।
रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार छात्र हितैषी सरकार है और प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए मूल निवासी और पात्रता संबंधी सभी निर्धारित शर्तों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
फर्जी दस्तावेजों से प्रवेश लेने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई
मंत्री जायसवाल ने कहा कि फर्जी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र अथवा गलत जानकारी के आधार पर प्रवेश हासिल करने की कोशिश करने वालों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी। यदि सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अभ्यर्थी का प्रवेश निरस्त करने के साथ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

सरकार का यह रुख उन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो लंबे समय से मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्थानीय पात्र विद्यार्थियों के अधिकारों की सुरक्षा की मांग करते रहे हैं।
ऑनलाइन होगी पूरी काउंसलिंग, मेरिट से तय होगा प्रवेश
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस बार NEET UG 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और मेरिट के आधार पर संचालित की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की सिफारिश, दबाव या अनधिकृत हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें योग्य विद्यार्थी को उसकी मेरिट और पात्रता के आधार पर अवसर मिले तथा किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।
दलालों से सावधान रहें विद्यार्थी और अभिभावक
मंत्री श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को विशेष रूप से सावधान करते हुए कहा कि वे किसी भी दलाल, बिचौलिए या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं। काउंसलिंग से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों और वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
सरकार का संदेश साफ है—मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
सरकार की सख्ती से बढ़ी उम्मीदें
NEET UG 2026 की काउंसलिंग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश के मेडिकल अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है कि राज्य कोटे की सीटों पर पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता और निष्पक्ष अवसर मिलेगा। अब निगाहें काउंसलिंग की आगामी प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन पर रहेंगी, जहां सरकार के दावों की वास्तविक परीक्षा होगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा भी मौजूद रहे।







