August 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

जिला-मंडल स्तर तक मीडिया नेटवर्क को सक्रिय करने का आह्वान, विकास और जनकल्याण की वास्तविक तस्वीर जनता तक पहुंचाने पर जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा मीडिया प्रभारी, सह मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ताओं ने भाग लिया। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मीडिया टीम को संगठन का मजबूत संचार तंत्र बताते हुए सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को तथ्यों एवं प्रमाणिक आंकड़ों के साथ जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक उपलब्धियों और विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर जनता के सामने मजबूती से रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं प्रवक्ताओं की जिम्मेदारी केवल समाचार जारी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जिले से लेकर मंडल स्तर तक निरंतर सक्रिय रहकर सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
श्री सोनी ने कहा कि विपक्ष के नकारात्मक और भ्रामक प्रचार के सामने भाजपा की मीडिया टीम को सकारात्मक, तथ्यपरक और प्रभावी संवाद खड़ा करना होगा। सरकार ने जिन क्षेत्रों में काम किया है, वहां के आंकड़े, उपलब्धियां और वास्तविक परिणाम जनता के सामने पूरी मजबूती से रखे जाएं, ताकि किसी भी प्रकार के भ्रम और दुष्प्रचार की गुंजाइश न रहे।
विपक्ष के झूठे नैरेटिव का तथ्यों से करें तत्काल खंडन : संतोष पाण्डेय
भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने मीडिया टीम को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा जनता को भ्रमित करने के उद्देश्य से लगातार झूठे नैरेटिव और दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी और प्रवक्ताओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के किसी भी भ्रामक दावे का जवाब केवल आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि तथ्यों, आंकड़ों और प्रमाणिक जानकारी के साथ मजबूती से दिया जाना चाहिए। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाले भ्रामक दावों की पहचान कर उनका तथ्यपरक खंडन तेजी से जनता तक पहुंचाया जाए।
श्री पाण्डेय ने कहा कि भाजपा की मीडिया टीम को बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप अपनी कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाना होगा। समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों पर भी पार्टी का पक्ष पूरी मजबूती से प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है।
विकास के दम पर जनता के बीच पहुंचेगी सरकार की सच्चाई
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितैषी निर्णयों को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन कमजोर होने के कारण विभिन्न मुद्दों पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है और ऐसे दावों का जवाब वास्तविक तथ्यों एवं उपलब्धियों के साथ दिया जाना चाहिए।
उन्होंने मीडिया टीम से कहा कि टीवी डिबेट, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म—हर माध्यम पर सरकार के कामकाज की सही जानकारी प्रभावी ढंग से सामने रखी जाए। उन्होंने विशेष रूप से त्वरित प्रतिक्रिया और तथ्यात्मक जानकारी के महत्व पर जोर दिया।
मीडिया प्रबंधन को बनाया जाएगा और अधिक सशक्त
भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमन्त पाणिग्राही ने बैठक में मीडिया विभाग की कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने संगठन की नीतियों और जनहितैषी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि मीडिया प्रबंधन को अधिक सशक्त, त्वरित और पारदर्शी बनाया जाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की तथा जिला और मंडल स्तर की मीडिया टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, सरकार के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं का संदेश प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचना चाहिए।
जिला से मंडल तक सक्रिय होगी भाजपा की मीडिया टीम
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि भाजपा की मीडिया गतिविधियां केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि मंडल स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित हों। स्थानीय विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों और जनहित के फैसलों की जानकारी को प्रमुखता से जनता के बीच पहुंचाने की कार्ययोजना पर जोर दिया गया।
बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि झूठे नैरेटिव का जवाब तथ्यों से, दुष्प्रचार का जवाब प्रमाणिक जानकारी से और राजनीतिक आरोपों का जवाब सरकार के विकास कार्यों से दिया जाएगा। भाजपा की मीडिया टीम को संगठन और सरकार के बीच मजबूत संवाद सेतु के रूप में काम करने का आह्वान किया गया।
बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोरबा जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्रवीण साहू, गोविन्दा गुप्ता सहित प्रदेश के सभी जिलों के जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं विभिन्न मोर्चों के प्रवक्ता उपस्थित रहे।
बैठक का मूल संदेश स्पष्ट रहा कि भाजपा की मीडिया टीम अब सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी को आंकड़ों एवं तथ्यों के साथ जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यात्मक और त्वरित जवाब देने के लिए पूरी तरह सक्रिय रहेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.