August 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष भव्य आयोजन की तैयारी पूरी — देशभर की धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जीवंत झांकियां और 500 वालंटियर रहेंगे विशेष आकर्षण
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर, 18 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर 23 अगस्त को शिवभक्ति के विराट जनसैलाब की साक्षी बनेगी। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 9 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम से प्रारंभ होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां हजारों शिवभक्त पवित्र जल से बाबा का जलाभिषेक करेंगे।
सुबह 8 बजे पूजन, 9 बजे उठेगी कांवड़
आयोजन के दिन सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य शिवाभिषेक होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे करीब 10 हजार कांवड़िये एक समान परिधान में कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ महादेव घाट के लिए रवाना होंगे।
यात्रा को व्यवस्थित और अनुशासित बनाने के लिए करीब 500 वालंटियर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की व्यापक सहभागिता रहेगी।
देशभर की संस्कृति दिखाएगी शिवभक्ति का विराट स्वरूप
इस वर्ष यात्रा को और भव्य बनाने के लिए विभिन्न राज्यों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक दल शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश और दिल्ली की महाकाल-अघोरी व महाकाली टीमें, केरल का भारतनाट्यम व पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल विशेष आकर्षण रहेंगे।

 

 

 

छत्तीसगढ़ की संस्कृति भी पूरे रंग में नजर आएगी। अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों की शिव परिवार प्रस्तुति, दुर्ग-भिलाई के धुमाल दल तथा रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
शिव परिवार से रामदरबार तक जीवंत झांकियां
कांवड़ यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता दरबार, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल सहित अनेक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं का आकर्षण बनेंगी। 11 घोड़े, 2 बग्घियां, विशाल नंदी, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां यात्रा को भव्य रूप देंगी।
आठ वर्षों से बन रहा आस्था का विराट जनउत्सव
राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठ वर्षों से आयोजित हो रही यह कांवड़ यात्रा अब रायपुर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बना चुकी है। इस वर्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण एवं विधायकगण के शामिल होने की जानकारी बैठक में दी गई।
राजेश मूणत ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि श्रद्धा, साधना, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति का विराट उत्सव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिवभक्तों की सुविधा और व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को अनुशासित एवं भव्य बनाने का आह्वान किया।
भाजपा संगठन ने संभाली तैयारियों की कमान
यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर मीनल चौबे, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू, लौह अयस्क आयोग अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, किशोर महानंद, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, ओंकार बैस, बजरंग खंडेलवाल, गोवर्धन खंडेलवाल, सत्यम दुवा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशु चंद्रवंशी, प्रदीप सिंह, सीमा साहू, महामंत्री अमित मेश्री व गुंजन प्रजापति, नवीन शर्मा, श्रद्धा मिश्रा, युवा मोर्चा से अर्पित सूर्यवंशी, ओबीसी मोर्चा से अखिलेश कश्यप सहित जिला पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
23 अगस्त को मारुति मंगलम से उठने वाली हजारों कांवड़ों और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ रायपुर की सड़कें शिवभक्ति से सराबोर होंगी। यह यात्रा आस्था के साथ देश की विविध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का भी विराट संगम प्रस्तुत करेगी।
हर-हर महादेव!

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.