भाजपा के आंगन में ताकझाँक छोड़ें बैज, पहले कांग्रेस की बिखरी चौखट संभालें : डॉ. किरण बघेल
1 min read



भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. (श्रीमती) किरण बघेल का दीपक बैज पर तीखा पलटवार — कांग्रेस की गुटबाजी पर साधा निशाना, कहा- भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति को कांग्रेसी चश्मे से देखना बंद करे कांग्रेस
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. (श्रीमती) किरण बघेल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि बैज को भाजपा के आंगन में ताकझाँक करने की आदत छोड़कर पहले अपनी पार्टी के भीतर मचे घमासान की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक, अनुशासित और कार्यकर्ता-आधारित संगठन है, जहां संगठनात्मक दायित्वों में परिवर्तन एक सतत और स्वाभाविक प्रक्रिया है। कांग्रेस अपनी गुटबाजी के चश्मे से भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था को देखने की कोशिश बंद करे।
डॉ. बघेल ने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और यहां प्रत्येक कार्यकर्ता को समय-समय पर अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलती हैं। दायित्व परिवर्तन को लेकर कांग्रेस द्वारा सवाल खड़े करना उसकी राजनीतिक हताशा को ही उजागर करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत है, कार्यकर्ता सक्रिय हैं और पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत निरंतर आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस नेता के कार्यकाल में कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे को लेकर लगातार सवालों के घेरे में रही हो, उसे भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर प्रदेश अध्यक्ष से लेकर युवा कांग्रेस तक नेतृत्व और वर्चस्व को लेकर खींचतान का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में संगठन की एकजुटता का दावा करने वाले नेता पहले यह बताएं कि पार्टी के भीतर अलग-अलग खेमों के बीच चल रही राजनीतिक रस्साकशी कब खत्म होगी। डॉ. बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीति आज एकजुट संगठन से ज्यादा गुटों की राजनीति बनकर रह गई है, इसलिए भाजपा की चिंता करने के बजाय बैज को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए।”
डॉ. बघेल ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस से संगठन चलाने का प्रमाणपत्र लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। भाजपा का संगठन बूथ से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के आंतरिक संगठनात्मक निर्णयों को लेकर कांग्रेस की बेचैनी यह साबित करती है कि विपक्षी दल भाजपा की मजबूत होती संगठनात्मक पकड़ से परेशान है।
उन्होंने दीपक बैज को नसीहत देते हुए कहा कि “शीशे के घर में बैठकर दूसरे के घर पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।” कांग्रेस नेतृत्व पहले अपने संगठन के भीतर चल रही खींचतान को खत्म करे, कार्यकर्ताओं में भरोसा पैदा करे और जनता के बीच लगातार कमजोर होती अपनी राजनीतिक जमीन को मजबूत करने पर ध्यान दे।
डॉ. बघेल ने कहा कि भाजपा जनता, संगठन और कार्यकर्ताओं के विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। कांग्रेस चाहे जितनी बयानबाजी कर ले, भाजपा की संगठनात्मक प्रक्रिया और निर्णयों को प्रभावित नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक मामलों पर अनर्गल टिप्पणी करने के बजाय कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर जनता के बीच उसका विश्वास लगातार क्यों कमजोर हो रहा है।
अंत में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि “बैज भाजपा के संगठन की चिंता करना छोड़ें। भाजपा का आंगन मजबूत है, कार्यकर्ता सजग हैं और संगठन पूरी तरह सक्षम है। कांग्रेस नेतृत्व पहले अपने घर की दरारें भरे, फिर भाजपा के संगठन पर सवाल उठाने की राजनीतिक कोशिश करे।”







