केसीसी में गूंजा देशभक्ति का स्वर, युवाओं ने लिया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प
1 min read



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक संदेश और राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा स्वतंत्रता दिवस समारोह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा शिक्षण समिति द्वारा संचालित कोरबा कम्प्यूटर महाविद्यालय (केसीसी) में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरक उद्बोधनों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के निर्देशक राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं पालक भी समारोह का हिस्सा बने।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी ने राष्ट्रगान में सहभागिता कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान व्यक्त किया। मुख्य अतिथि एवं शिक्षकों का तिलक और बैच लगाकर स्वागत किया गया।
इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा योगिता ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। विभिन्न महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजन कर उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। बीबीए की छात्रा सुहाना ने सरस्वती वंदना पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद बीसीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा सृष्टि ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा योगिता ने देशभक्ति गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर वातावरण को भावुक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का संदेश भी दिया। बीसीए पंचम सेमेस्टर के छात्र रेहान एवं कुन्दन ने विभिन्न चित्रों के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुति देकर वर्तमान समय में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली जानकारी दी।
वहीं बीबीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र मनीष ने पीपीटी के माध्यम से भारतीय अर्थव्यवस्था, विकसित भारत के लक्ष्य एवं तकनीकी विकास की संभावनाओं पर अपनी प्रस्तुति दी।
इसके बाद शिवानी एवं प्रिया (डीसीए) ने युगल नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं श्रुति, अनामिका, प्रीति एवं दिव्या (पीजीडीसीए) तथा अंजली, निशा, रिया, मुस्कान, रिया राय, तन्वी एवं योगिता (बीकॉम/बीबीए/बीसीए प्रथम सेमेस्टर) के सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम में जोश और ऊर्जा भर दी।
शिक्षकों ने भी प्रस्तुत की देशभक्ति की झलक
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। बालीदास महंत ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। रीना लहरे ने कविता एवं भाषण के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और नागरिक दायित्व का संदेश दिया। वहीं सुरभि कुण्डू ने माखनलाल चतुर्वेदी द्वारा रचित प्रसिद्ध कविता “पुष्प की अभिलाषा” की प्रभावपूर्ण प्रस्तुति दी।
‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : राजेश अग्रवाल
समारोह के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के निर्देशक राजेश अग्रवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। देश को महान राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवाओं को अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि संस्कार, अनुशासन, शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और समर्पण के माध्यम से युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
राजेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए गरीबी, बढ़ती जनसंख्या, प्रदूषण, शिक्षा में व्याप्त चुनौतियों और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से भी मुक्ति की दिशा में निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए करें।
ईशा और प्रतीक ने किया प्रभावी मंच संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की छात्रा ईशा एवं बीबीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र प्रतीक ने प्रभावी ढंग से किया। दोनों ने पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध एवं रोचक बनाए रखा।
समारोह को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षक रीना लहरे, बालीदास महंत, सुरभि कुण्डू, सुरभि राठौर, ईरविन कुमार, सिमरन कौर, श्वेता टंडन एवं आस्था राजपूत सहित विद्यार्थियों दीपक दुबे, तानिया, अनमोल, आकाश एवं अनुराग का विशेष योगदान रहा।
अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, युवा ऊर्जा और विकसित भारत के संकल्प की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।







