तिरंगे के रंग में रंगेगा कोरबा, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
1 min read



सीतामढ़ी से दोपहर 2 बजे होगा शुभारंभ, सीएसईबी चौक से घंटाघर तक निकलेगी पदयात्रा; भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कोरबा में 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा दोपहर 2 बजे सीतामढ़ी से प्रारंभ होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीतामढ़ी से सीएसईबी चौक तक वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसके बाद सीएसईबी चौक से घंटाघर तक पदयात्रा होगी। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिक यात्रा में शामिल होंगे।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी देने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से कोरबा शहर गूंजेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 13 अगस्त को दोपहर 2 बजे सीतामढ़ी पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल हों और राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता एवं सम्मान का संदेश दें।
आयोजन को सफल बनाने में जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।


