August 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर, पाली में अटल चौक से शहीद स्मारक तक निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  पाली। भारतीय जनता पार्टी मंडल पाली की महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक मंगलवार को नगर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर प्रांगण में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष श्री अजय जायसवाल के मार्गदर्शन एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता, आगामी हर घर तिरंगा अभियान, भव्य तिरंगा यात्रा तथा प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बूथ संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर
बैठक की शुरुआत संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ हुई। मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल ने स्वागत वक्तव्य में कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। इसलिए प्रत्येक बूथ को सक्रिय, सशक्त एवं व्यवस्थित बनाना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक में प्रत्येक बूथ पर 25 सदस्यीय बूथ समिति गठित करने तथा समिति के छह प्रमुख पदाधिकारियों की फोटो सहित आवश्यक जानकारी तैयार करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। बूथ अध्यक्षों एवं प्रभारियों से नियमित संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रूप से संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

 

 

हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी बैठक में विस्तृत रणनीति बनाई गई। मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्रामों एवं नगर क्षेत्र के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने की व्यवस्था के तहत बूथ अध्यक्षों को तिरंगा उपलब्ध कराया गया।
कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में लोगों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराएं तथा अधिक से अधिक घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में स्पष्ट किया गया कि हर घर तिरंगा अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के जनअभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
अटल चौक से शहीद स्मारक तक निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक में पाली नगर में मंडल भाजपा द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करने पर भी सहमति बनी। प्रस्तावित तिरंगा यात्रा अटल चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली परिसर स्थित शहीद स्मारक तक पहुंचेगी।
तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। यात्रा के माध्यम से नगरवासियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
हर बूथ पर सामूहिक रूप से सुनी जाएगी ‘मन की बात’
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बूथ अध्यक्षों एवं प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने बूथों पर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण सुनिश्चित करें।

 

 

अजय जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को किया मार्गदर्शित
बैठक के मुख्य वक्ता नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने संगठनात्मक विषयों एवं आगामी कार्यक्रमों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर तक अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता
बैठक में किसान मोर्चा जिला महामंत्री कीर्ति कश्यप, अजजा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रयाग नारायण शांडिल्य, पिछड़ा मोर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं एल्डरमैन रामविलास जायसवाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता मंगल सिंह छाबड़ा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गुरदयाल सिंह गंभीर, मंडल उपाध्यक्ष एवं एल्डरमैन हरीश चावड़ा, मंडल महामंत्री कामता जायसवाल एवं तारकेश्वर पटवा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, नगर पंचायत पार्षद एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीमती गीता शुक्ला, मंडल मंत्री घनश्याम पटेल एवं आशीष अग्रवाल, मंडल कोषाध्यक्ष रितेश जायसवाल, नगर पंचायत पार्षद भूपेंद्र कुर्रे, अजजा मोर्चा अध्यक्ष छत्रपाल पैकरा, अजा मोर्चा अध्यक्ष गणेश चौहान, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष रामफल पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष संजय छाबड़ा, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पटेल, वरिष्ठ कार्यकर्ता दीपक शर्मा, दीपक डिक्सन एवं अगर दास, बूथ अध्यक्ष अनुज यादव, जगत राम निषाद, ओंकार सिंह ठाकुर एवं रामफल केशव, शक्ति केंद्र संयोजक भूपेंद्र डिक्सेना, रामलीला केवट, कौशल प्रसाद डिक्सेना एवं जितेंद्र सलाम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर उत्साह दिखाई दिया। सभी ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा पाली की भव्य तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.