देवघाटी में गूंजेगा ‘हर हर महादेव’, 17 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
1 min read



देवपहरी में 8 पंचायतों के प्रमुखजनों की बैठक, यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने जुटी आयोजन समिति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** देवपहरी/कोरबा। सावन के पावन माह में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 17 अगस्त 2026, सोमवार को देवघाटी क्षेत्र में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा की तैयारियों को लेकर गौमुखी सेवा धाम, देवपहरी में क्षेत्रीय सनातन संघर्ष समिति, उपखंड देवघाटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र की 8 पंचायतों के प्रमुखजन, वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थल, सेवा व्यवस्था और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा कर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

आयोजन के लिए समिति गठित
कांवड़ यात्रा के संचालन के लिए विशेष समिति का गठन किया गया। परमेश्वर पैकरा को अध्यक्ष, गणेश सिंह कंवर को उपाध्यक्ष, बंधन सिंह कंवर को सचिव, बलराम यादव को सहसचिव तथा हरि राम देवांगन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में क्षेत्रीय सनातन संघर्ष समिति के संयोजक हरिशंकर यादव, आश्रम प्रकल्प प्रमुख देवाशीष मिश्रा, महाराज रमाकांत पांडे, पूर्व सरपंच अमृतलाल राठिया, पूर्व जनपद सदस्य धन सिंह कंवर सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे। धर्म सेना के प्रदेश संयोजक विष्णु पटेल ने भी सहभागिता कर आयोजन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
भव्य और अनुशासित आयोजन का संकल्प
बैठक में सभी सदस्यों ने कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, सेवा और अनुशासन के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने तैयारियों को गति देते हुए निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य शुरू कर दिया है।
वनांचल क्षेत्र से निकलने वाली इस कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। 17 अगस्त को देवघाटी क्षेत्र में ‘हर हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय श्री राम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।


