जेपीएससी विवाद पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, बोली—युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने झारखंड में जेपीएससी भर्ती परीक्षा को लेकर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं से राज्य के मेहनती और योग्य युवाओं के साथ अन्याय हुआ है।
ठोकने ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासन के दौरान सीजीपीएससी भर्ती को लेकर भी गंभीर सवाल उठे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब झारखंड में भी युवाओं के भविष्य से जुड़े भर्ती मामलों में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा और मेरिट के आधार पर अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए। ठोकने ने दावा किया कि युवाओं में इस मामले को लेकर नाराजगी है और वे अपने अधिकारों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं।


