सनातन आस्था पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमाया, भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत; एफआईआर और तत्काल गिरफ्तारी की मांग
1 min read



प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी और विधि प्रकोष्ठ संयोजक बृजेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन थाने में सौंपा ज्ञापन, धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भगवान शिव, शिवलिंग और सनातन धर्म से जुड़े कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट एवं टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर मामला गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी एवं भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर भगवान शिव, शिवलिंग तथा अन्य हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी की गई है, जिससे सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में यह भी कहा गया कि ऐसी सामग्री सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है।

भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की भी मांग की।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि किसी भी धर्म, आस्था या पूज्य प्रतीकों के संबंध में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है। वहीं, बृजेश पाण्डेय ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में कानून के अनुरूप त्वरित कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक, निशिकांत पाण्डेय, वात्सल्य मूर्ति, नंदकुमार साहू, कुलेश्वर निर्मलकर, महेंद्र देवांगन सहित मीडिया एवं विधि प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


