सावन की हरियाली में बिखरी संस्कृति की छटा, साहू समाज के जिला स्तरीय उत्सव में सविता साहू बनीं ‘सावन क्वीन’
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। सावन माह की हरियाली, भक्ति, परंपरा और महिला शक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब साहू समाज महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सावन उत्सव पूरे उत्साह, उल्लास और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। श्री गणेश इन (विशाल होंडा के समीप) आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं ने सावन की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की आराध्य भक्त माता कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं सामूहिक मंगल आरती से हुआ। महिलाओं ने समाज की सुख-समृद्धि, एकता और उन्नति की कामना करते हुए भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। आरती के दौरान पूरा परिसर श्रद्धा और आस्था से सराबोर दिखाई दिया।


जिला स्तरीय इस आयोजन में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ एनटीपीसी, दीपका, उरगा, बालको, काशीनगर, राजगामार, कटघोरा सहित विभिन्न इकाइयों और केंद्रों से लगभग 75 से 80 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी, श्रृंगार और सावन गीतों ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
मंचीय कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, महिला सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने और संस्कृति को जीवित रखने का प्रभावी प्रयास हैं।
सावन उत्सव के अंतर्गत आयोजित पारंपरिक नृत्य, संगीत, सावन झूला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभिन्न प्रतियोगितियां आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रतिभागियों ने अपने हुनर, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट व्यक्तित्व, पारंपरिक प्रस्तुति, आत्मविश्वास और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर दीपका की सविता साहू को “सावन क्वीन 2026” घोषित किया। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सविता साहू को स्मृति-चिह्न एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक फोटोग्राफी के माध्यम से यादगार पलों को संजोया गया तथा सभी प्रतिभागियों के लिए प्रसाद एवं स्वादिष्ट भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोरबा जिला अध्यक्ष गिरिजा साहू, उपाध्यक्ष देवकी साहू, जांजगीर जिला अध्यक्ष हेमलता साहू, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष लखनी साहू, भगवती साहू, पूर्णिमा साहू, वंदना साहू, कुमारी साहू, हेमलता साहू तथा बॉकी मोंगरा केंद्र की संगठन सचिव राजकुमारी साहू सहित विभिन्न इकाइयों की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
सावन उत्सव ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं संस्कृति, संगठन और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए एक मंच पर आती हैं, तब समाज की एकता और परंपराओं को नई ऊर्जा मिलती है। यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, महिला नेतृत्व और सांस्कृतिक गौरव का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।


