पेपर लीक माफिया पर मोदी सरकार का बड़ा प्रहार, नकल और धांधली करने वालों पर अब होगी कड़ी कार्रवाई
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** नई दिल्ली। देशभर के करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पेपर लीक, परीक्षा में धांधली और संगठित नकल माफिया पर शिकंजा कसने के लिए संसद के दोनों सदनों से कठोर कानून पारित किया गया है। इसके साथ ही सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।
सरकार का कहना है कि प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। इसके तहत विशेषज्ञ टास्क फोर्स का गठन, त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था, राज्यों से सुझाव प्राप्त कर सुधार लागू करना तथा आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने दोहराया है कि युवाओं के हितों की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और प्रतिभा के सम्मान के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सरकार का मानना है कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उनकी मेहनत के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के खिलाफ यह सख्त संदेश उन तत्वों के लिए चेतावनी माना जा रहा है जो वर्षों से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते रहे हैं। अब पारदर्शिता, जवाबदेही और कड़ी कानूनी कार्रवाई के जरिए परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में निर्णायक पहल की गई है।


