‘ज्वॉइन बीजेवायएम’ से युवाओं में बढ़ा उत्साह: 7 दिन में 18,846 नए सदस्य जुड़े, 2 लाख युवाओं तक पहुंचने का लक्ष्य
1 min read



भाजयुमो का सदस्यता महाअभियान बस्तर से पूरे छत्तीसगढ़ तक, राहुल टिकरिहा बोले— युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** दंतेवाड़ा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने छत्तीसगढ़ में आठ वर्षों बाद शुरू किए गए “ज्वॉइन बीजेवायएम” सदस्यता महाअभियान को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए प्रदेशभर में 2 लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के पहले ही सप्ताह में 18,846 युवाओं द्वारा सदस्यता ग्रहण कर प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लेने को संगठन ने युवाओं के बढ़ते विश्वास और उत्साह का प्रमाण बताया है।
दंतेवाड़ा स्थित भाजपा के एकात्म परिसर कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में यह सदस्यता अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, संगठनात्मक संस्कृति और जनसेवा के संकल्प से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से दंतेवाड़ा जिले के बचेली मंडल से की गई। बस्तर को अभियान का प्रारंभिक केंद्र इसलिए चुना गया क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से आज बस्तर विकास और शांति की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित रहे बचेली, भोपालपटनम, दोरनापाल और ओरछा जैसे क्षेत्रों में भी युवा बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़ रहे हैं, जो बदलते बस्तर की नई तस्वीर प्रस्तुत करता है।

राहुल टिकरिहा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। पहले जिन इलाकों में शासन-प्रशासन की पहुंच सीमित थी, आज वहीं भाजपा का सदस्यता अभियान युवाओं को लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान पूरी तरह आधुनिक तकनीक से भी जुड़ा हुआ है। इच्छुक युवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे सदस्य बन सकते हैं। साथ ही रेफरल कोड प्रणाली के जरिए कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का भी आकलन किया जा रहा है कि किसने कितने नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा है। इससे अभियान में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अधिक सक्रियता देखने को मिल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष टिकरिहा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जहां भाजयुमो युवाओं को नि:शुल्क सदस्यता देकर राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोड़ रहा है, वहीं कांग्रेस सदस्यता अभियान के नाम पर प्रत्येक सदस्य से शुल्क लेकर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को अवसर, नेतृत्व और संगठन में सक्रिय भूमिका देने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई से प्रारंभ हुआ सदस्यता महाअभियान 20 सितंबर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। आगामी दिनों में सारंगढ़-बिलाईगढ़, महासमुंद, गरियाबंद, सरगुजा सहित पूरे सरगुजा संभाग में व्यापक सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर जिले में युवाओं और नव-मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें भाजपा की नीतियों और संगठन से जोड़ा जाएगा।
राहुल टिकरिहा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशभर में चल रहा यह अभियान निर्धारित लक्ष्य से भी आगे बढ़ेगा और लाखों युवा भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़कर विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक राहुल राय, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, भाजपा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी तथा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पिंटू साहू सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


