कटघोरा में गूंजा समरसता का संदेश: गुरु रविदास जयंती पर ऐतिहासिक कलश यात्रा का भव्य स्वागत, जयघोषों से भक्तिमय हुआ नगर
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा/कटघोरा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा का शुक्रवार को कटघोरा में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया गया। शहीद वीर नारायण चौक से प्रारंभ हुआ स्वागत समारोह आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम बन गया। पूरे नगर में “जय गुरु रविदास” के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।


भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक एकता और समानता का सशक्त संदेश दिया। उत्तर प्रदेश के वाराणसी से रवाना हुई यह पवित्र कलश यात्रा रायपुर की ओर अग्रसर है। यात्रा का नेतृत्व भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू कर रहे हैं, जो संत रविदास जी के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
कटघोरा पहुंचने पर विधायक प्रेमचंद पटेल एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश लहरे ने पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण कर नगर भ्रमण किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भक्ति, आस्था और सामाजिक सौहार्द के वातावरण ने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन के माध्यम से समानता, मानवता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। समरसता संकल्प अभियान उसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का एक व्यापक प्रयास है, जिससे समाज में भेदभाव समाप्त हो और सभी वर्गों के बीच भाईचारा मजबूत हो।
कलश यात्रा के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ने बताया कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है, जिसके माध्यम से संत रविदास जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश लहरे, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. विजय राठौर, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, जिला मंत्री विवेक मारकंडे, अजय दुबे, जिला मीडिया सह-प्रभारी शैलेंद्र यादव, संजय राठौर, कटघोरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग, मंडल उपाध्यक्ष अजय धनोदिया, मंडल महामंत्री संजीत सिंह, प्रीतम देवांगन, देव दुबे, उत्तरा चौहान, स्नेहलता पटेल, देवकुमारी पटेल, गायत्री श्रीवास्तव, अनुराग दुहलानी, डिक्रांत देवांगन, राजेंद्र टंडन, मनोज नायडू, टीकम राजपाल, मनदीप जायसवाल, अभिराम पांडेय, सत्यम जायसवाल, पीयूष गर्ग, लक्खू देवांगन, प्रताप मारवी, चतृभुवन नायक, मनोज दीक्षित, काजू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
समूचा आयोजन संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने तथा समाज को एक सूत्र में पिरोने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। कटघोरा में उमड़ा जनसैलाब इस बात का साक्षी बना कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को जोड़ने और नई प्रेरणा देने की अद्भुत शक्ति रखते हैं।


