July 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

राहुल टिकरिहा बोले— युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, बस्तर से शुरू हुआ अभियान पूरे प्रदेश में बनाएगा नया संगठनात्मक इतिहास
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदेशभर में युवाओं और नव-मतदाताओं को संगठन से जोड़ने के लिए “ज्वॉइन बीजेवायएम” सदस्यता महाअभियान को तेज गति दे दी है। आठ वर्षों के अंतराल के बाद शुरू किए गए इस विशेष अभियान का लक्ष्य 20 सितंबर तक प्रदेश के 2 लाख युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है। अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के बचेली से हुई, जहां मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने गुरुवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि केवल सात दिनों में 18,846 युवाओं ने सदस्यता ग्रहण कर अपना डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर लिया है, जो अभियान की सफलता का प्रमाण है।

 

बस्तर से पूरे प्रदेश तक संगठन विस्तार की रणनीति
राहुल टिकरिहा ने कहा कि बस्तर से अभियान की शुरुआत केवल प्रतीकात्मक नहीं बल्कि रणनीतिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयासों से बस्तर में विकास की नई धारा बह रही है और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी अब लोकतांत्रिक गतिविधियां मजबूती से आगे बढ़ रही हैं। इसी बदलते माहौल में युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा के बचेली, बीजापुर के भोपालपटनम, सुकमा के दोरनापाल और नारायणपुर के ओरछा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी सदस्यता अभियान चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सदस्यता
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सदस्यता अभियान पूरी तरह आधुनिक तकनीक से भी जुड़ा हुआ है। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से युवा आसानी से सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इसके साथ ही रेफरल कोड प्रणाली भी लागू की गई है, जिससे यह पता चलता है कि किस कार्यकर्ता ने कितने नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा है। इससे कार्यकर्ताओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सक्रियता भी बढ़ रही है।
20 सितंबर तक चलेगा महाअभियान
राहुल टिकरिहा ने बताया कि 23 जुलाई से प्रारंभ हुआ यह सदस्यता महाअभियान 20 सितंबर तक चलेगा। आगामी दिनों में प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क और सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 5 अगस्त को सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अगस्त को महासमुंद, 7 अगस्त को गरियाबंद तथा 8 अगस्त को सरगुजा में बड़े कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 9 से 14 अगस्त तक सरगुजा संभाग के सभी जिलों में अभियान चलाया जाएगा।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां भाजयुमो युवाओं को नि:शुल्क सदस्यता देकर राष्ट्र निर्माण की विचारधारा से जोड़ रहा है, वहीं कांग्रेस सदस्यता अभियान के नाम पर प्रत्येक सदस्य से शुल्क लेकर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को अवसर, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का मंच प्रदान कर रही है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक राहुल राय, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, भाजपा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी तथा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पिंटू साहू भी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.