July 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

कमला नेहरू महाविद्यालय में प्रेरणादायी व्याख्यान, विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अध्यात्म और ध्यान का दिया संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में बुधवार को एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें ब्रह्माकुमारी संस्था की वरिष्ठ वक्ता ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने विद्यार्थियों को आत्मिक शक्ति, नैतिक मूल्यों, कर्तव्यबोध, अध्यात्म एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में शिक्षा संकाय के सभागार में किया गया।
माउंट आबू एवं पानीपत (हरियाणा) से आईं ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने अत्यंत सरल, सहज और प्रभावशाली शैली में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “मनुष्य यदि अपनी आत्मा से प्रेम करना सीख ले तो ईश्वर की प्राप्ति का मार्ग स्वतः प्रशस्त हो जाता है।” उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिंता और नकारात्मकता से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम आत्मचिंतन और ध्यान है।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रोचक गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से जीवन में नैतिक मूल्यों की उपयोगिता समझाई गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी परेशानियों का सामना मुस्कुराहट के साथ करना चाहिए तथा विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखना चाहिए। दूसरों का मजाक उड़ाने की प्रवृत्ति से बचने और सकारात्मक सोच को अपनाने पर विशेष बल दिया गया।
ज्योति बहन ने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर कुछ कमजोरियां होती हैं, लेकिन यदि उन्हें सही दिशा में प्रयुक्त किया जाए तो वही कमजोरियां उसकी सबसे बड़ी ताकत बन सकती हैं। आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से जीवन की हर चुनौती का समाधान संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भीतर छिपी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ध्यान (मेडिटेशन) के व्यावहारिक महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने ध्यान की प्रक्रिया के माध्यम से मानसिक संतुलन, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने के तरीकों को जाना। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं ने अध्यात्म और जीवन प्रबंधन से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान ज्योति बहन ने सहजता के साथ किया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी कोरबा शाखा की बहन रमा कर्मकार, भ्राता कमल कर्मकार, शिक्षा संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. अंजू खेस्स, राकेश गौतम, नितेश कुमार यादव, शंकर लाल यादव, कुणाल दास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में बी.एड. प्रशिक्षार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार ने इस व्याख्यान को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक जागरूकता और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत प्रेरणादायी एवं जीवनोपयोगी अनुभव बताया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.