‘युवा उड़ान’ में बी.एड. प्रशिक्षार्थियों का शानदार प्रदर्शन, नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ जीते कई सम्मान



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार माय भारत युवा कार्यक्रम, जिला कोरबा द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता “युवा उड़ान – नशा मुक्त भारत का निर्माण” थीम पर आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा के बी.एड. प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में नियति गुप्ता एवं निहाल राठौर ने कविता वाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं मुस्कान कंवर ने गायन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। एनम अंसारी ने नारा लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी प्रभावशाली सहभागिता दर्ज कर नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा कोरबा को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना के माध्यम से यह संदेश दिया कि युवा शक्ति ही स्वस्थ और सशक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. रश्मि शुक्ला एवं नितेश कुमार यादव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


