July 28, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बालको ने बदली क्षेत्र की तस्वीर: आधुनिक चिल्ड्रेंस पार्क का लोकार्पण, मंत्री लखन लाल देवांगन बोले— विकास की नई पहचान बन रहा है बालको

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*बालकोनगर,28 जुलाई भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत स्थानीय समुदाय को एक और महत्वपूर्ण सौगात देते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त चिल्ड्रेंस पार्क का लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के साथ फीता काटकर पार्क का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा, पार्षद श्री बद्री किरण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
करीब 13,000 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित यह पार्क कभी अनुपयोगी एवं कचरे से प्रभावित स्थान था, जिसे बालको ने आधुनिक सामुदायिक पार्क में बदल दिया। यहां बच्चों के लिए आकर्षक झूले, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपन जिम, एक्यूप्रेशर पाथवे, हरित लॉन, अरेका पाम का पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा संचालित जल आपूर्ति प्रणाली विकसित की गई है। लोकार्पण के बाद अतिथियों ने पार्क का भ्रमण कर सभी सुविधाओं का अवलोकन किया और इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
मुख्य अतिथि श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको के माध्यम से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भवन, नाली निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों के जरिए कंपनी क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के कारण कोरबा में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि बालको ने क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी है। आधुनिक पार्क, सामुदायिक भवन, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है और कंपनी की विकास यात्रा हर क्षेत्र में दिखाई दे रही है।
पार्षद श्री बद्री किरण ने चिल्ड्रेंस पार्क की सौगात के लिए बालको का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी लगातार जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्नति परियोजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, मशरूम उत्पादन, कोसाकारी जैसे आजीविका कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आंगनवाड़ी और विद्यालयों के उन्नयन में भी बालको उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने नागरिकों से पार्क को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने की अपील करते हुए इसे सामुदायिक धरोहर बताया।
बालको की यह पहल केवल एक पार्क का निर्माण नहीं, बल्कि समुदाय को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं, स्वस्थ जीवनशैली और हरित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हाल के महीनों में कंपनी द्वारा सामुदायिक भवन, सड़क, पार्क एवं अन्य आधारभूत विकास परियोजनाओं को पूर्ण कर स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को समर्पित किया गया है। इन प्रयासों के माध्यम से बालको सतत, समावेशी और जनहितकारी विकास की अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.