हरियाली और स्वास्थ्य का संगम: सजेस बिंझरा में वृहद पौधारोपण के साथ 175 बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित, पर्यावरण संरक्षण व नारी स्वास्थ्य का दिया सशक्त संदेश
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा शासन की पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारते हुए विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के सजेस बिंझरा विद्यालय में मंगलवार को एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में एक ओर व्यापक वृक्षारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया गया, वहीं दूसरी ओर किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को केंद्र में रखकर “गरिमा और स्वास्थ्य पहल” के अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर 175 बालिकाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में औषधीय, फलदार एवं छायादार प्रजातियों के लगभग 10 विभिन्न पौधों के रोपण से हुई। जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधों की दीर्घकालीन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे पर ट्री गार्ड भी लगाए गए, ताकि उनकी समुचित देखभाल हो सके।

इस अवसर पर जनपद सदस्य कन्हैयालाल चौहान, ग्राम पिंजरा की सरपंच श्रीमती चंद्रिका देवी पोर्ते, उपसरपंच राजेश सिंह ठाकुर, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विष्णु यादव, सदस्य शंभू शरण सिंह, सांसद प्रतिनिधि मुरलीदास संत, अग्रवाल महिला समिति कटघोरा की अध्यक्ष श्रीमती बबीता गर्ग, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू गर्ग, श्रीमती जानकी अग्रवाल, श्रीमती ज्योति अग्रवाल तथा पूर्व जनपद उपाध्यक्ष पवन गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं अग्रवाल महिला समिति कटघोरा के संयुक्त तत्वावधान में किशोरियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, संक्रमण से बचाव तथा कपड़ों के स्थान पर सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किशोरियों को बिना किसी झिझक के स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर चर्चा करने और स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 175 बालिकाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती मंजूलता सिंह, पूर्व प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार टंडन, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संध्या साहू तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छ स्वास्थ्य के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे जनहितकारी अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हैं।


